साउथ सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रहती हैं। कीर्ति जल्दी ही राजकुमार राव के साथ 'रफ्तार' में नजर आएंगी। इन दिनों कीर्ति सुरेश नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई अपनी वेब सीरीज 'अक्का' को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें उनके साथ राधिका आप्टे लीड रोल में हैं। सीरीज की कहानी 800 साल पुराने इतिहास और 1980 के दशक के बीच झूलती रहती है और कहानी एक ऐसे शहर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिस पर महिलाओं का राज है। इस शहर की गद्दी पर राज करने वाली महिला को 'अक्का' कहा जाता है। हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने पति एंटनी थट्टिल के साथ अपने 17 साल पुराने रिश्ते के बारे में भी बात की। एक्ट्रेस ने 'कर्ली टेल्स' के साथ बातचीत में बताया कि करीब 15 साल की डेटिंग के बाद 2024 में वह और एंटनी शादी के बंधन में बंधे थे, लेकिन उनके लिए ये सफर बिलकुल आसान नहीं था।
कीर्ति सुरेश और एंटनी थट्टिल की लव स्टोरी
कीर्ति सुरेश ने बताया कि जब वह 17 साल की थीं, तब एंटनी से उनके रिश्ते की शुरुआत हुई थी और उनकी मां ने एक डायरी से उनका और एंटनी का अफेयर पकड़ा था। कीर्ति कहती हैं- 'एक दिन मेरी मां ने मेरी डायरी पढ़ ली थी, जिसमें एंटनी के साथ मेरी लव स्टोरी की पूरी कहानी लिखी थी। जब मां को इसके बारे में पता चला, मैंने डायरी लिखना ही छोड़ दिया। इसके बाद मुझे सालों तक एंटनी के साथ अपने रिलेशनशिप को छुपाकर रखना पड़ा, क्योंकि परिवार को शादी के लिए मनाना , शादी करना बिलकुल भी आसान नहीं था।'
इंटरफेथ मैरिज के खिलाफ था परिवार
कीर्ति सुरेश ने बताया कि 12th की पढ़ाई पूरी करने के बाद एंटनी को डेट करना शुरू कर दिया था। कीर्ति के अनुसार, एंटनी ईसाई हैं और वह खुद हिंदु परिवार से आती हैं, जिसके चलते उनका परिवार इस शादी के खिलाफ था। सिर्फ कीर्ति ही नहीं, एंटनी का परिवार भी इस शादी के पक्ष में नहीं था। ऐसे में दोनों परिवारों को इसके लिए मनाने में काफी समय लगा। कीर्ति कहती हैं- 'हम दिसंबर 2009 में मिले थे और जनवरी 2010 में एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया। 2024 में हमने शादी कर ली। चूंकि, वो ईसाई हैं और मैं हिंदू परिवार से हूं, हमारे घर में काफी दिक्कतें आई थीं, जिनका मुझे सामना करना पड़ा। अपने परिवारों को मनाने में हमें काफी समय लगा। उन्होंने मुझे तब देखा था, जब मैं एक्टर नहीं बनी थी। और सबसे अच्छी बात ये है कि हम एक साथ बड़े हुए हैं।'
मां ने पढ़ ली थी डायरी
कीर्ति सुरेश आगे कहती हैं- 'मैंने काफी पहले एंटनी को डेट करना शुरू कर दिया था। जब मैं कॉलेज में थी, मेरी मां ने मेरी डायरी पढ़ ली थी। उस डायरी में हमारे रिश्ते के बारे में सब लिा था। मेरी मां ने जब मेरी डायरी देखी तो कहा- मैं तुम्हारी मां हूं, मैं तुम्हारी डायरी पढ़ सकती हूं। और बुरी बात ये है कि उसके बाद मैंने डायरी लिखना ही छोड़ दिया। मुझे लिखना पसंद था, लेकिन अब मैं ये भी नहीं जानती कि वो डायरी कहां है। काश वो डायरी मुझे वापस मिल पाती। लेकिन, मुझे लगता है कि तब मेरी मां ने वो डायरी जला दी होगी।'
ये भी पढ़ेंः बिग बॉस 20 में गूंजी तारा की आवाज, 60 दिन बाद बच्चों का मैसेज सुनकर सिहर उठीं माही विज, फफक-फफककर रोईं