A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. मिस्ट्री-थ्रिलर देखने का शौक है? ओटीटी पर देखें रहस्यों के जाल से बुनी फिल्म, मगर शुरू के 15 मिनट रखना होगा धैर्य

मिस्ट्री-थ्रिलर देखने का शौक है? ओटीटी पर देखें रहस्यों के जाल से बुनी फिल्म, मगर शुरू के 15 मिनट रखना होगा धैर्य

दर्शकों के बीच इन दिनों सस्पेंस और मिस्ट्री-थ्रिलर का अलग ही क्रेज है, जिसके चलते पिछले कुछ सालों में फिल्म निर्माताओं ने भी इस जॉनर पर खूब दांव खेला है। इस बीच ओटीटी पर एक सस्पेंस-थ्रिलर काफी पसंद की जा रही है।

Sambhavan Adhyayam Onnu- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE/MUZIK247 संभवम अध्यायम ओन्नु

अक्सर दर्शक ओटीटी पर नई और शानदार फिल्मों और सीरीज की तलाश करते रहते हैं। खासतौर पर सस्पेंस और रोमांच से भरी फिल्में और सीरीज दर्शकों को बेहद पसंद आती हैं। तो अगर आप भी उन लोगों में से हैं, जिन्हें हर पल बदलती परिस्थिति और अंत तक बांधे रखने वाले ट्विस्ट और टर्न से भरी फिल्में और सीरीज पसंद हैं तो हम आपको एक ऐसी फिल्म के बारे में बताते हैं, जिसका हर सीन जबरदस्त है। ये फिल्म रहस्यों के ऐसे जाल से बुनी है कि अंत तक दर्शक इससे बाहर नहीं निकल पाते हैं और क्लाइमैक्स ऐसा है कि देखकर किसी का भी दिमाग चकरा जाए। यहां बात हो रही है मलयालम फिल्म 'संभवम अध्यायम ओन्नु' की, जो अपनी शानदार कहानी और चौंकाने वाले क्लाइमैक्स के लिए सुर्खियों में है।

हर मोड़ पर एक नया राज

संभवम अध्यायम ओन्नु एक मलयालम फिल्म है, जो इसी साल सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। ये एक अलौकिक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर है, जिसकी कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, एक नया राज भी जन्म लेता जाता है। ये फिल्म एक अलग ही लेवल का सस्पेंस पेश करती है। शुरुआत में तो ये एक सामान्य फिल्म लगती है, लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, अंधेरे रास्ते पर बढ़ती जाती है। अगर आपको भी ऐसी रहस्यों से भरी और दिमाग की कसरत करा देने वाली फिल्में पसंद हैं तो संभवम अध्यायम ओन्नु जरूर देखें।

संभवम अध्यायम ओन्नु की कहानी

फिल्म की कहानी की बात करें तो ये सिर्फ रहस्यों से ही नहीं भावनाओं से भी भरी है, जो आपको आखिरी तक उलझाए रखती है। फिल्म की शुरुआत बेहद दिलचस्प घटना के साथ होती है और तुरंत दर्शकों को स्क्रीन से बांध लेती है। फिल्म की शुरुआत एक रहस्यमयी जंगल से होती है, जहां जाते ही लोग गायब हो जाते हैं। संभवम अध्यायम ओन्नु की कहानी एक पुलिस अफसर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो इस जंगल के रहस्य को सुलझाने के लिए आतुर है। इस पुलिस अफसर की पोस्टिंग हाल ही में इस इलाके में हुई है, जहां वो अपनी प्रेग्नेंट पत्नी को घर पर छोड़कर ज्वॉइनिंग के लिए पुलिस स्टेशन जा पहुंचता है। इसी बीच उसे पता चलता है कि एक पुलिसवाला एक रहस्यमयी जंगल में फंसा है। उसे बचाने के लिए तीन पुलिसवाले जंगल के अंदर जाते हैं और वहां जाने पर दो की मौत हो जाती है, जबकि पुलिस अफसर टाइम लूप में फंस जाता है। यही इस फिल्म का टर्निंग पॉइंट है, जो दर्शकों का इंटरेस्ट भी बढ़ा देता है।

ओटीटी पर है मौजूद

ये मलयालम सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर मौजूद है और खास बात ये कि ये हिंदी में भी ओटीटी पर देखी जा सकती है। फिल्म में आस्कर अली, सिद्धार्थ भरतन, विनीत कुमार और असीम जमाल जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं और जीतू सतीसन मंगतथु ने इसकी कहानी लिखी है और निर्देशन की जिम्मेदारी भी उन्होंने ही संभाली है।

ये भी पढ़ेंः बंगाल में बीजेपी की जीत पर झूमे विवेक अग्निहोत्री, TMC पर कसे ताने- 'ममता सरकार ने हमला और मारपीट की'
सलमान खान का मेगा धमाका, 'द लास्ट हीरो' में बनेंगे सुपरहीरो, दिखेगा 'एवेंजर्स' वाला एक्शन