1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. न पंचायत, न स्पेशल ऑप्स, इस सीरीज को मिली है 9.1 IMDb रेटिंग, बिना मेलोड्रामा और मारधाड़ के दिल जीत लेगी कहानी

न पंचायत, न स्पेशल ऑप्स, इस सीरीज को मिली है 9.1 IMDb रेटिंग, बिना मेलोड्रामा और मारधाड़ के दिल जीत लेगी कहानी

ओटीटी की दुनिया में वेब सीरीज का क्रेज हर दिन के साथ बढ़ रहा है। एक से बढ़कर एक शानदार सीरीज अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो रही हैं। इनमें से सबसे दमदार सीरीज के बारे में आपको बताते हैं, जिसे 9.1 की IMDb रेटिंग मिली है।

TVF pitcher- India TV Hindi
Image Source : SCREEN GRAB FROM TVF PITCHER TVF पिचर का एक शीन।

इन दिनों दर्शकों का रुझान सिनेमाघरों के बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की तरफ बढ़ गया है। हर हफ्ते नए-नए शोज रिलीज हो रहे हैं, जिनमें से कुछ अपनी दमदार कहानियों और जबरदस्त एक्टिंग के चलते दर्शकों के बीच तहलका मचा देते हैं। 'पंचायत', 'स्पेशल ऑप्स', 'पताल लोक', 'फैमिली मैन', 'मिर्जापुर', ' परमानेंट रूममेट्स' और 'सेकरेड गेम' जैसी सीरीज ने दर्शकों के दिलों में ही जगह नहीं बनाई, बल्कि क्रिटिक्स को भी पसंद आईं। इन सीरीज की जमकर तारीफ हुई और IMDb रेटिंग में भी इनका दबदबा देखने को मिला, लेकिन इन सभी सीरीज को पछाड़ कर एक सीरीज काफी आगे रही। न सिर्फ व्यूज के मामले में बल्कि रेटिंग के मामले में ये सीरीज अव्वल बनी। अब ये सीरीज कहां देख सकते हैं और इसकी कहानी कैसी है, ये आपको बताते हैं।

ये है वो अव्वल सीरीज

TVF की चर्चित सीरीज 'पिचर्स' आज के युवाओं की महत्वाकांक्षा और संघर्ष को बेहद रियल अंदाज में पेश करती है। यह चार दोस्तों की कहानी है जो अपनी नौकरी छोड़कर एक स्टार्टअप शुरू करने का फैसला करते हैं। सीरीज करियर की चुनौतियों, कॉर्पोरेट दुनिया के उतार-चढ़ाव और आत्म-विश्वास की लड़ाई को गहराई से दिखाती है। जबरदस्त लेखन और सशक्त निर्देशन के चलते इस शो को IMDb पर 9.1 की रेटिंग मिली है। अब तक इसके दो सीजन रिलीज हो चुके हैं। वेब सीरीज़ 'पिचर्स' एक ऐसी कहानी है जिसने आज के युवाओं के दिलों में खास जगह बनाई है। यह सीरीज उन लोगों के लिए खास है जो नौकरी छोड़कर अपना कुछ बड़ा करने का सपना देखते हैं। आइए जानते हैं पिचर्स की कहानी, इसकी लोकप्रियता और इसे कहां देखा जा सकता है।

कहानी क्या है?

‘पिचर्स’ की कहानी चार दोस्तों नवीन, जीतू, मंडल और योगी की है, जो अपने कॉरपोरेट जॉब से ऊब चुके हैं और एक स्टार्टअप शुरू करने का फैसला करते हैं। यह सीरीज दिखाती है कि किस तरह वे अपनी जॉब छोड़कर एक अनिश्चित लेकिन जुनूनी रास्ते पर निकलते हैं खुद की कंपनी शुरू करने के लिए। कहानी में दोस्ती, संघर्ष, असफलता, आत्म-संदेह और आत्म-विश्वास की गहराई है। यह सिर्फ बिजनेस शुरू करने की कहानी नहीं है, बल्कि अपने सपनों के लिए सब कुछ दांव पर लगाने की प्रेरक यात्रा है। इसमें यह भी दिखाया गया है कि कैसे भारतीय मिडल क्लास का युवा रिस्क लेने से डरता है, लेकिन जब जुनून हावी होता है तो कोई भी सपना बड़ा नहीं होता।

कहां देखें 'पिचर्स'?

इसकी कहानी बिना जयादा मेलोड्रामा के दिखाई गई, एकदम सच्चाई से भरपूर। यही कारण है कि युवा इससे खुद को जुड़ा हुआ महसूस करते हैं। इसे क्रिटिक्स और ऑडियंस दोनों से तारीफ मिली। कहानी, डायरेक्शन और ऐक्टिंग तीनों को प्रशंसा मिली। सीजन 1 यूट्यूब और टीवीएफ ऐप पर फ्री में उपलब्ध है। सीजन 2 जी5 पर एक्सक्लूसिव रूप से उपलब्ध है। शो में नवीन कस्तूरिया (नवीन), अरुणाभ कुमार (योगी), जीतेंद्र कुमार (जीतू), अभय महाजन (मंडल) लीड रोल में नजर आए हैं।

टॉप शोज की IMDb रेटिंग

  • सेकरेड गेम- 8.5
  • मिर्जापुर- 8.4
  • फैमिली मैन- 8.7
  • पताल लोक- 8.2
  • स्पेशल ऑप्स- 8.6
  • परमानेंट रूममेट- 8.6
  • पंचायत- 9
  • कोटा फैक्ट्री- 9