1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. एक रात, दो पुलिसवाले और एक फोन कॉल, 2 घंटे 2 मिनट में अटक जाएंगी सांसें, हजम नहीं होगा बिना हीरो-हीरोइन वाली इस फिल्म का सस्पेंस

एक रात, दो पुलिसवाले और एक फोन कॉल, 2 घंटे 2 मिनट में अटक जाएंगी सांसें, हजम नहीं होगा बिना हीरो-हीरोइन वाली इस फिल्म का सस्पेंस

एक रात… दो पुलिसवाले… और अचानक एक फोन कॉल, यहीं से कहानी पलट जाती है और हर पल गहराता सस्पेंस लोगों को बेचैन कर देता है। ये फिल्म न सिर्फ चौंकाती है, बल्कि जहन में भी रह जाती है।

Ronth- India TV Hindi
Image Source : SCREEN GRAB FROM RONTH TRAILER 'रॉन्थ' के ट्रेलर से लिया गया एक सीन।

ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर हर दिन नई-नई फिल्में और वेब सीरीज की बाढ़ आती रहती है। कुछ फिल्में केवल नाम और सितारों के दम पर चलती हैं, जबकि कुछ ऐसी भी होती हैं जो बिना किसी बड़े चेहरे के सिर्फ अपनी कहानी और निर्देशन से दर्शकों के दिलों में खास जगह बना लेती हैं। आज हम आपको ऐसी ही एक फिल्म के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने चुपचाप ओटीटी पर दस्तक दी और रिलीज होते ही धूम मचा दी। इस फिल्म का नाम है ‘रोंथ’, एक मलयालम क्राइम थ्रिलर जो कहानी, अभिनय और निर्देशन तीनों में लाजवाब है।

बॉक्स ऑफिस पर हिट है ये फिल्म

फिल्म 'रोंथ' की लंबाई 2 घंटे 2 मिनट है, और इसकी सिनेमाई यात्रा की शुरुआत 13 जून 2025 को सिनेमाघरों में हुई थी। यह कोई भारी-भरकम बजट वाली फिल्म नहीं थी, बल्कि महज 5 करोड़ रुपये के सीमित बजट में तैयार हुई थी। लेकिन रिलीज के साथ ही इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और दुनिया भर में 9.81 करोड़ रुपये का व्यवसाय किया, जो इसके बजट का लगभग दोगुना है। फिल्म की सफलता यहीं नहीं रुकी। 22 जुलाई 2025 को जब इसे ओटीटी पर स्ट्रीम किया गया तो इसने मात्र 48 घंटों में टॉप 10 ट्रेंडिंग फिल्मों की सूची में जगह बना ली। यह उपलब्धि इस बात का संकेत है कि दर्शकों ने फिल्म को कितना सराहा।

कैसी है कहानी?

अब बात करें कहानी की तो ‘रोंथ’ एक ऐसी रात की गाथा है जो दो पुलिसकर्मियों की नजर से सामने आती है। एक ओर हैं वरिष्ठ और अनुभव से परिपक्व सब-इंस्पेक्टर योहनन (दिलीश पोथन) और दूसरी ओर हैं उनके साथ गश्त पर निकले नवयुवक और संवेदनशील कांस्टेबल डिननाथ (रोशन मैथ्यू)। दोनों की ड्यूटी सामान्य होती है, सड़कों पर गश्त करना, शांति बनाए रखना, लेकिन तभी एक रहस्यमय फोन कॉल आता है और उनकी जिंदगी इस रात से हमेशा के लिए बदल जाती है। कहानी में आगे जो मोड़ आते हैं, वो आपको स्क्रीन से बांधे रखेंगे और अंत तक सोचने पर मजबूर कर देंगे।

कहां देखें ये फिल्म?

फिल्म के निर्देशक शाही कबीर हैं, जिनकी पिछली फिल्में भी यथार्थवादी सामाजिक मुद्दों और सस्पेंस से भरपूर रही हैं। ‘रोंथ’ में भी उन्होंने उसी संजीदगी और गहराई के साथ कहानी को बुना है। अगर आप एक ऐसी फिल्म देखना चाहते हैं जिसमें थ्रिल हो, सस्पेंस हो और सोचने पर मजबूर कर देने वाला अंत हो तो 'रोंथ' को अपनी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल करें। ये फिल्म जियो सिनेमा यानी जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है। इसे मयालम के साथ ही हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ में भी देख सकते हैं। ये फिल्म 22 जुलाई को रिलीज हुई थी और लगातार ट्रेंडिंग बनी हई है।