OTT Releases This Week: 'गुल्लक 5' से लेकर 'धुरंधर' तक, इस हफ्ते OTT पर मचेगा धमाल, सस्पेंस और कॉमेडी से होगा महाब्लास्ट
जून के पहले हफ्ते में जियोहॉटस्टार, नेटफ्लिक्स और प्राइम वीडियो जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर मनोरंजन का महाब्लास्ट होने जा रहा है। रणवीर सिंह की 'धुरंधर', माधुरी दीक्षित की 'मां बहन' और 'गुल्लक सीजन 5' जैसी बड़ी फिल्में और वेब सीरीज रिलीज के लिए तैयार हैं।

जून का महीना शुरू हो गया है, यानी भारी गर्मी के महीने में घर बैठे लोगों को मनोरंजन का इंतजार जरूर होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए मेकर्स भी ओटीटी प्रेमियों के लिए भर-भर कर सौगात लेकर आए हैं। जून का पहला हफ्ता ओटीटी प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है। नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो, जियो हॉट स्टार और सोनी लिव जैसे विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर कई बड़ी फिल्में और वेब सीरीज रिलीज के लिए तैयार हैं। सस्पेंस, थ्रिलर, कॉमेडी और ड्रामा से भरपूर इन शोज के साथ आपका वीकेंड मनोरंजन से भरपूर होने वाला है। आइए एक नजर डालते हैं इस हफ्ते रिलीज होने वाले कुछ मुख्य प्रोजेक्ट्स पर।
धुरंधर: द रिवेंज
ओटीटी: जियो हॉटस्टार
कब देखें: 4 जून
आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह ब्लॉकबस्टर फिल्म जसकीरत सिंह रांगी (रणवीर सिंह) की कहानी है। एक जमीन विवाद में अपने पूरे परिवार को बेरहमी से खो देने के बाद, जसकीरत देश सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित कर देता है। वह मेजर इकबाल (अर्जुन रामपाल) द्वारा संचालित आतंकवादी नेटवर्क को पूरी तरह से तबाह करने के मिशन पर निकलता है। एक्शन और देशभक्ति से भरपूर यह फिल्म दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगी।
मां बहन
ओटीटी: नेटफ्लिक्स
कब देखें: 4 जून
यह एक बेहतरीन क्राइम-कॉमेडी फिल्म है, जो एक मध्यमवर्गीय भारतीय परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में एक सिंगल मदर रेखा (माधुरी दीक्षित) और उनकी आपस में हर वक्त लड़ने वाली दो बेटियां—जया (तृप्ति डिमरी) और सुषमा (धर्ना दुर्गा) शामिल हैं। इस उलझे हुए परिवार की जिंदगी में तब एक नया मोड़ आता है और पागलपन शुरू होता है, जब उन्हें अचानक अपने किचन के अंदर एक लावारिस लाश मिलती है।
गुल्लक सीजन 5
ओटीटी: सोनी लिव
कब देखें: 5 जून
मिश्रा परिवार के फैंस के लिए खुशखबरी है कि इस मशहूर फैमिली-ड्रामा सीरीज का पांचवां सीजन वापस आ रहा है। नए सीजन में संतोष, शांति, अन्नू और अमन मिश्रा बदलते दौर के आधुनिक दबावों, नई पारिवारिक जिम्मेदारियों और अपने घर की छोटी-मोटी खुशियों व बदलावों को अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज़ में संभालते हुए नजर आएंगे।
ब्राउन
ओटीटी: जी 5
कब देखें: 5 जून
कोलकाता की रहस्यमयी पृष्ठभूमि पर आधारित 'ब्राउन' एक न्यू-नॉर साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर सीरीज है। 'दिल्ली बेली' और 'ब्लैकमेल' जैसी फिल्में बनाने वाले निर्देशक अभिनय देव ने इसका निर्देशन किया है। यह कहानी रीता ब्राउन की है, जो कभी शहर की सबसे काबिल पुलिस अधिकारी मानी जाती थी, लेकिन अब वह बदनामी और शराब की लत से जूझ रही है।
द पिरामिड स्कीम
ओटीटी: प्रीइम वीडियो
कब देखें: 5 जून
यह सीरीज उन आम लोगों के जीवन और संघर्ष को दिखाती है जो मल्टी-लेवल मार्केटिंग और चेन-मार्केटिंग के भ्रामक जाल में फंस जाते हैं। कहानी के केंद्र में एक महत्वाकांक्षी व्यक्ति है, जो आसानी से पैसा कमाने, वित्तीय आजादी और पैसिव इनकम के झूठे वादों के लालच में आकर इस दलदल में धंसता चला जाता है।
मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी
ओटीटी: प्रीइम वीडियो
कब देखें: 3 जून
यह एक बायोग्राफिकल ड्रामा सीरीज है, जिसमें दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह उद्योगपति जेआरडी टाटा की भूमिका में और जिम सरभ जेरक्सेस देसाई के किरदार में नजर आएंगे। यह सीरीज भारत के सबसे सफल और भरोसेमंद होमग्रोन ब्रांड्स में से एक, 'टाइटन' को बनाने के ऐतिहासिक और प्रेरणादायक सफर को पर्दे पर जीवंत करती है।
द लीजेंड ऑफ वोक्स माकिना सीजन 4
ओटीटी: प्रीइम वीडियो
कब देखें: 3 जून
इस एनिमेटेड सीरीज के चौथे सीजन की शुरुआत क्रोमा कॉन्क्लेव के पतन के एक साल बाद से होती है। एक कठिन लड़ाई जीतने के बाद वोक्स माकिना के सदस्य अपनी निजी जिंदगी पर ध्यान देने के लिए अलग हो जाते हैं। हालांकि, उनकी यह शांति ज्यादा समय तक नहीं टिकती, क्योंकि एक प्राचीन और शक्तिशाली बुराई Exandria के भविष्य के लिए खतरा बन जाती है। इस खतरनाक शैतानी कल्ट का सामना करने के लिए इन नायकों को एक बार फिर साथ आना होगा।
क्लार्कन्स फार्म सीजन 5
ओटीटी: प्रीइम वीडियो
कब देखें: 3 जून
किट लिंच रॉबिन्सन, गेविन व्हाइटहेड और विल यैप द्वारा निर्देशित इस सीरीज के पांचवें सीजन में जेरेमी क्लार्कसन एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या से उबरने के बाद अपने जीवन को सामान्य बनाने की कोशिश करते दिखेंगे। हालांकि, फार्म पर उनका सफर आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि उन्हें सरकारी नीतियों, मवेशियों की टीबी से जुड़े प्रतिबंधों और कई अन्य विवादों का सामना करना पड़ता है।
टीच यू अ लेसन
ओटीटी: नेटफ्लिक्स
कब देखें: 4 जून
यह एक साउथ कोरियन एक्शन-स्कूल ड्रामा सीरीज है, जिसका निर्माण ली नाम-क्यु, किम दा-ही और मून जोंग-हो ने किया है, जबकि निर्देशन होंग जोंग-चान ने संभाला है। इस सीरीज में किम मु-योल, ली सुंग-मिन, जिन की-जू और प्यो जी-हुन जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस शो की कहानी स्कूल-कॉलेजों में होने वाली हिंसा की गंभीर समस्या को सुलझाने के एक अनोखे और कड़े दृष्टिकोण पर आधारित है।