1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. नेटफ्लिक्स पर 11 दिनों से डेरा जमाए बैठी है '29', माधुरी-तृप्ति की 'मां-बहन' को भी दी टक्कर, IMDb पर मिली तगड़ी रेटिंग

नेटफ्लिक्स पर 11 दिनों से डेरा जमाए बैठी है '29', माधुरी-तृप्ति की 'मां-बहन' को भी दी टक्कर, IMDb पर मिली तगड़ी रेटिंग

ओटीटी पर आते ही '29' ने अपना कब्जा जमा लिया है और माधुरी दीक्षित-तृप्ति डिमरी की 'मां-बहन' को भी जमकर टक्कर दे रही है। ट्रेलर से एक रोमांटिक फिल्म लगने वाली ये फिल्म इससे कहीं बढ़कर है। मगर आपको ये तभी समझ आएगी, जब आप ये फिल्म देखने बैठेंगे।

ott release- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@NETFLIX_IN ओटीटी पर खूब देखी जा रही ये फिल्म।

बीते कुछ सालों में बिग बजट फिल्मों का क्रेज इतना बढ़ गया है कि मेकर्स फिल्मों पर 100-200 से हजार करोड़ तक बहाने से परहेज नहीं कर रहे हैं। लेकिन, दर्शक अक्सर ये साबित करते आए हैं कि फिल्म का बजट या बड़ी कास्ट नहीं बल्कि इसकी कहानी दर्शकों को अपनी ओर खींचती है। इस बीच आपको एक ऐसी ही फिल्म के बारे में बताते हैं जो ओटीटी पर दर्शकों का ध्यान अपनी तरफ खींच रही है। इस फिल्म का नाम है '29' है, जो ओटीटी पर माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी स्टारर 'मां-बहन' को भी टक्कर दे रही है। इसकी कहानी इतनी भावुक है कि किसी की भी आंखें नम हो जाएं। तो अगर आपको रोमांटिक फिल्में पसंद हैं तो ये फिल्म जरूर देखनी चाहिए। इस फिल्म की ओटीटी स्ट्रीमिंग को 10 दिन से ज्यादा हो गया है, इसके बाद भी ये खूब देखी जा रही है।

क्या है '29' की कहानी

इस रोमांटिक फिल्म की कहानी की बात करें तो ये ऐसे लड़के के बारे में है, जो 29 साल का हो चुका है और उसकी अब तक शादी नहीं हुई है। इस लड़के का नाम सत्या है और जिंदगी में उसके पास कोई लक्ष्य नहीं है, जिसके चलते अक्सर सब उसे ताने मारते रहते हैं। सत्या को भी इस बात का दुख है कि कोई लड़की उससे बात नहीं करती, इसी बीच उसकी जिंदगी में विजी की एंट्री होती है और उसकी जिंदगी पलट जाती है। रत्ना कुमार के निर्देशन में बनी ये फिल्म तमिल भाषा में रिलीज हुई है, लेकिन ओटीटी पर ये हिंदी, कन्नड़, मलयालम और तेलुगु में भी देखी जा सकती है।

फिल्म में नजर आए ये कलाकार

29 की कास्ट की बात की जाए तो फिल्म में विधु ने सत्या की भूमिका निभाई है और प्रीति असरानी ने विजी यानी विजयलक्ष्मी का किरदार निभाया है। इन दोनों के अलावा 29 में महेंद्रन ने संतोष, शहनाज फातिमा ने जानू, अविनाश ने मणि और प्रेम कुमार ने कुरुनीला कथिवरन की अहम भूमिकाएं निभाई हैं और लोकेश कनगराज और कार्तिकेयन संथानम ने 'जी स्क्वाड' बैनर तले इसे प्रोड्यूस किया है। वहीं फिल्म की कहानी रत्ना कुमार ने लिखी है, जो इसके निर्देशक भी हैं।

29 की आईएमडीबी रेटिंग

ये फिल्म 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और फिर जून में ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दस्तक दी। ओटीटी रिलीज के बाद ये फिल्म लगातार चर्चा में है। इसमें कई ऐसे सीन हैं, जो शायद आपको रुला दें। फिल्म को आईएमडीबी पर 10 में से 7.4 रेटिंग मिली है और इन दिनों नेटफ्लिक्स की टॉप ट्रेंडिंग लिस्ट में अपनी जगह बनाए हुए है और खूब देखी जा रही है।

ये भी पढ़ेंः सनी देओल की 'गदर 3' हुई कन्फर्म, डायरेक्टर ने स्क्रिप्ट पर शुरू किया काम, बताया इस बार किस पर होगा फोकस
रणवीर सिंह ने खरीदी सुपर एक्सपेंसिव स्पोर्ट्स कार, मुंबई की सड़कों पर दौड़ाई फेरारी 296 GTB, कितनी है कीमत?