1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. 9/11 आतंकी हमले पर बनी अर्चना पूरन सिंह स्टारर फिल्म, झकझोर देती है कवि राज की 'द गोल्ड ब्रेसलेट', OTT पर हुई रिलीज

9/11 आतंकी हमले पर बनी अर्चना पूरन सिंह स्टारर फिल्म, झकझोर देती है कवि राज की 'द गोल्ड ब्रेसलेट', OTT पर हुई रिलीज

11 सितंबर 2001 की उस दुखद घटना की पर आधारित 'द गोल्ड ब्रेसलेट' को डिजिटल रूप से रिलीज किया जा चुका है। यूं तो ये फिल्म 18 साल पहले ही रिलीज हो गई थी, लेकिन ओटीटी पर इसे अब जाकर रिलीज किया गया है, जिसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काफी पसंद किया जा रहा है।

Archana Puran Singh- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@CPICS.TV द गोल्ड ब्रेसलेट

9/11 की घटना पूरी मानवता को झकझोर कर रख देने वाली एक त्रासदी है। ये त्रासदी इतिहास के पन्नों में उस काले दिन के रूप में दर्ज हो चुकी है, जिसे दुनिया कभी भूल नहीं सकती। इस खौफनाक आतंकी हमले ने न सिर्फ अमेरिका बल्कि पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था। 11 सितंबर, 2001 को हुए आतंकी हमले में 2,977 लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी, जिनमें 343 फायर फाइटर्स, 23 पुलिसकर्मी और 37 पोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी भी शामिल थे। 9/11 आतंकी हमले पर कई फिल्में और डॉक्यूमेंट्री बनी हैं। ऐसी ही एक फिल्म है 'द गोल्ड ब्रेसलेट', जो अब ओटीटी पर खूब देखी जा रही है। फिल्म निर्माता और निर्देशक कवि राज की इस फिल्म में 9/11 हमले का वो असहनीय दर्द देखने को मिलता है, जिससे पीड़ितों के परिजन आज भी जूझ रहे हैं।

ओटीटी पर रिलीज हुई द गोल्ड ब्रेसलेट

ओटीटी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म सीपिक्स.टीवी पर स्ट्रीम हो रही है। Cpics.tv एक सब्सक्रिप्शन-बेस्ड स्ट्रीमिंग और वीडियो-ऑन-डिमांड प्लेटफॉर्म है, जो दक्षिण एशियाई कहानियों और वर्ल्ड सिनेमा पर केंद्रित है। वहीं 'द गोल्ड ब्रेसलेट' की बात करें तो ये फिल्म अक्टूबर 2008 में रिलीज हुई थी, जिसे आज  भी काफी पसंद किया जाता है। द गोल्ड ब्रेसलेट एक अमेरिकी अंग्रेजी भाषा की फिल्म है, जिसे कवि राज ने निर्देशित किया है और फिल्म में अर्चना पूरन सिंह, मेहन हसन, एंजेला लिटिल सोनी मंडल, जोसेफ पेरेज़ बर्टोट, एज्रा बज़िंगटन और जोसेफ व्हिप मुख्य भूमिका में हैं। ये फिल्म उस भयानक त्रासदी के बाद साहस, करुणा और मानवीय दया की ऐसी कहानी दिखाती है, जो किसी भी इंसानी दिल को झकझोर कर रख दे।

क्या है 'द गोल्ड ब्रेसलेट' की कहानी?

'द गोल्ड ब्रेसलेट' में एक परिवार के सफर के जरिए, साहस, करुणा और मुश्किलों की दर्दभरी कहानी देखने को मिलती है, जो फिर से अपनी जिंदगी शुरू करने और नई उम्मीद पाने की कोशिश करते हैं। कवि राज के निर्देशन में बनी इस फिल्म के केंद्र में एक सिख परिवार है। फिल्म अर्जुन सिंह और उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भारत से अमेरिका आकर बसे हैं। लेकिन, 9/11 हमले के बाद इस परिवार की जिंदगी अचानक पूरी तरह बदल जाती है। अमेरिकी समाज के लोग आतंकी हमले के बाद नाराजगी निकालने के लिए इस सिख परिवार को भी निशाने पर लेते हैं। हमले के बाद परिवार को गलतफहमी और भेदभाव का सामना करना पड़ता है, क्योंकि कई लोग उनकी पहचान और संस्कृति को आतंकवाद से जोड़ने लगते हैं। फिल्म दिखाती है कि कैसे एक परिवार दर्द, डर और मुश्किल हालात के बीच खुद को संभालने की कोशिश करता है। 2 घंटे 17 मिनट की इस फिल्म के माध्यम से लेखक-निर्देशक कवि राज ने ऐसा लगता है कि एक दर्द भरी कविता रच दी है, जिसमें गहरे जज्बात और एहसास हैं।

अर्चना पूरन सिंह का अभिनय है बेजोड़

अर्चना पूरन सिंह हिंदी सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं और कई फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। इस फिल्म में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलता है। अर्चना पूरन सिंह इन दिनों अपने व्लॉग्स को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। एक्ट्रेस अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर यूट्यूब व्लॉग बनाती हैं, जिसे काफी ज्यादा पसंद किया जाता है। हाल ही में अर्चना पूरन सिंह ने अपने नए घर की झलक फैंस के साथ साझा की थी। अर्चना पूरन सिंह ने मड आइलैंड में हाल ही में एक नया बंगला खरीदा है, जो उनके मौजूदा घर से कुछ ही मीटर की दूरी पर है।

ये भी पढ़ेंः RRR से 5-6 गुना बड़ी है 'वाराणसी', महेश बाबू-प्रियंका चोपड़ा की फिल्म पर एसएस राजामौली ने दिया अपडेट, बनाने में लगे 275 दिन