1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. 19 दिन पहले मर चुका था बॉस, फिर भी चलती रही कंपनी! DJ हिमांशु मिश्रा की बेस्ट सेलर 'सीसी चांदनी' पर बेव सीरीज का ऐलान

19 दिन पहले मर चुका था बॉस, फिर भी चलती रही कंपनी! DJ हिमांशु मिश्रा की बेस्ट सेलर 'सीसी चांदनी' पर बेव सीरीज का ऐलान

ओटीटी पर क्राइम-थ्रिलर्स की कोई कमी नहीं है। 'मिर्जापुर' से लेकर 'पाताल लोक' जैसी सीरीज ने अपना कब्जा जमा रखा है। अब ओटीटी पर एक और रहस्य से भरी सीरीज आने वाली है, जिसका ऐलान हाल ही में मेकर्स द्वारा किया गया है।

himanshu- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@HIMANSHUMISHRA हिमांशु मिश्रा की 'सीसीः चांदनी' पर वेब सीरीज का ऐलान

ओटीटी पर रहस्यों से भरी कई वेब सीरीज मौजूद हैं, जिनमें एक्शन, रोमांस के साथ-साथ जबरदस्त सस्पेंस और रोमांच देखने को मिलता है। मिर्जापुर, पाताल लोक से लेकर सेक्रेड गेम्स तक ऐसी कई सीरीज हैं जो सस्पेंस से भरी हैं और क्राइम भी इनमें भरपूर है। अब मनोरंजन जगत में एक और सस्पेंस और रोमांच से भरी सीरीज दस्तक देने वाली है, जो हिमांशु मिश्रा की बेस्ट सेलर पर बेस्ड है। हाल ही में मेकर्स ने इस सीरीज का ऐलान किया, जो जल्दी ही दर्शकों के बीच दस्तक देगी। एक कंपनी और एआई के इर्द-गिर्द घूमती इस सीरीज का नाम है 'सीसीः चांदनी', जो जल्दी ही ओटीटी पर रिलीज होने वाली है।

'सीसी चांदनी' की कहानी

'सीसी चांदनी' की कहानी की बात करें तो ये एक ऐसी कंपनी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका बॉस 19 दिन पहले मर चुका है, लेकिन इसके बाद भी उसकी कंपनी बिना किसी रुकावट के चल रही है। दफ्तर में चकाचक काम चल रहा है और धड़ाधड़ अप्रूवल भी मिल रहे हैं, ईमेल्स आ रहे हैं और क्लाइंट्स को उनके मेल के जवाब मभी मिल रहे हैं। यही नहीं, बॉस की मौत के बाद कंपनी ने एक तगड़ा सरकारी टेंडर भी लपक लिया। पूरा दफ्तर इस टेंडर के जश्न में डूबा होता है, तभी सायरन बजाती पुलिस की गाड़ी रुकती है और आकर कर्मचारियों को बताती है कि उनका बॉस 19 दिन पहले मर चुका है। इस खुलासे से पूरी कंपनी हैरान रह जाती है और सोच में पड़ जाती है कि आखिर बॉस की मौत के बाद ये सारे अप्रूवल कहां से मिल रहे थे और कंपनी कैसे चल रही थी।

रहस्यों से उलझी है कहानी

कहानी के केंद्र में नोएडा सेक्टर 63 की एक कंपनी है, जहां 40 कर्मचारियों वाली कंपनी का दफ्तर तब हिल जाता है जब एक सुबह सबके इनबॉक्स में एक साथ ईमेल गिरता है। भेजने वाले का नाम होता है- 'चांदनी'। अब ये चांदनी कौन है, मैसेज कहां से आया है, इसके बाद कहानी इसी के इर्द-गिर्द घूमती है और ये सवाल छोड़ जाती है कि आखिर 19 दिनों से कंपनी चला कौन रहा था। बता दें, सीरीज की कहानी DJ हिमांशु मिश्रा की बेस्ट सेलर नॉवेल 'CC: Chandni' पर बेस्ड है। किताबों के पन्नों पर तहलका मचाने के बाद अब यह रहस्यमयी कहानी सीधे स्क्रीन पर उतरने वाली है।

हिमांशु मिश्रा के बारे में

हिमांशु मिश्रा की बात करें तो वह एक जाने-माने डीजे और लेखक हैं। हिमांशु का सपना कभी इंजीनियर बनना था। उन्होंने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से पढ़ाई की और फिर करीब 17 साल आईटी प्रोग्राम मैनेजमेंट की दुनिया में काम किया। लेकिन, फिर उन पर म्यूजिक का ऐसा चौक चढ़ा कि उन्होंने म्यूजिक की दुनिया का ही रुख कर लिया। वहीं सीरीज की बात करें तो इसे 5 एपिसोड में दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा और हर एपिसोड 20 से 25 मिनट का होगा और ये सीरीज 2 भागों में रिलीज होगी। फिलहाल इसकी कास्ट या रिलीज से जुड़ी अन्य जानकारी साझा नहीं की गई है।

ये भी पढ़ेंः 800 करोड़ छापने के बाद अब OTT पर छाएगी रजनीकांत की ‘जेलर 2’, तय हुआ ठिकाना, जानें रिलीज डेट