1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. कौन हैं केतन कावा? 8000 करोड़ी 'माइकल' मूवी में बने पॉप आइकन की आवाज, डबिंग की दुनिया का हैं जाना-माना नाम

कौन हैं केतन कावा? 8000 करोड़ी 'माइकल' मूवी में बने पॉप आइकन की आवाज, डबिंग की दुनिया का हैं जाना-माना नाम

केतन कावा किंग ऑफ पॉप माइकल जैक्सन की बायोपिक 'माइकल' में जाफर जैक्सन को हिंदी आवाज देने को लेकर चर्चा में हैं। दुनियाभर में छप्परफाड़ कमाई करने वाली ये फिल्म हाल ही में ओटीटी पर रिलीज हुई है, जिसके बाद इसके हिंदी डब वर्जन में जाफर जैक्सन को आवाज देने को लेकर केतन सुर्खियां बटोर रहे हैं।

ketan kavva- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@KETANKAVVA 'माइकल' के हिंदी डब वर्जन में केतन कावा ने दी है जाफर जैक्सन को आवाज।

'किंग ऑफ पॉप' माइकल जैक्सन की बायोपिक 'माइकल' के इस साल खूब चर्चे रहे। ये फिल्म 24 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई की। दुनियाभर में 'माइकल' ने 8,012 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन करके सबको चौंका दिया। इस चर्चित फिल्म में माइकल जैक्सन के भतीजे जाफर जैक्सन ने लीड रोल निभाया था। दुनियाभर में छप्परफाड़ कमाई करने वाली ये फिल्म अब ओटीटी पर भी रिलीज हो चुकी है। इस बीच फिल्म के हिंदी डब वर्जन में जाफर जैक्सन के किरदार को आवाज देने वाले केतन कावा भी खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिल्म की डिजिटल स्ट्रीमिंग के बाद से ही केतन चर्चा में हैं। तो चलिए जानते हैं केतन कावा कौन हैं और कैसे उन्होंने एक डबिंग आर्टिस्ट के तौर पर अपनी पहचान बनाई।

केतन कावा कौन हैं?

माइकल जैक्सन की बायोपिक 'माइकल' में जाफर जैक्सन के लिए हिंदी आवाज देने वाले केतन कावा एक वॉइस ओवर आर्टिस्ट हैं और उन्होंने 15 साल की उम्र में ही अपने करियर की शुरुआत कर दी थी। केतन ने अब तक कई फिल्मों और सीरीज में अपनी आवाज दी है और अब 'माइकल' में अपनी आवाज देने को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। केतन को डबिंग की दुनिया में 15 सालों का अनुभव है। वह 'ऑफ कैंपस', 'हाउ टू ट्रेन योर ड्रैगन' और के ड्रामा 'मेलो मूवी' जैसी सीरीज में अपनी आवाज दे चुके हैं। प्रभास स्टारर 'कल्कि 2898 एडी' के किरदार ल्यूक को भी हिंदी में केतन ने ही आवाज दी थी।

'माइकल' सबसे मुश्किल प्रोजेक्ट

यूं तो केतन कावा ने कई फिल्मों और सीरीज में डबिंग करते हुए मनोरंजन जगत में अलग पहचान बनाई है, लेकिन माइकल जैक्सन की जिंदगी पर बनी 'माइकल' उनके करियर के सबसे मुश्किल प्रोजेक्ट्स में से है, क्योंकि इसमें उन्होंने लीड एक्टर जापर जैक्सन के लिए हिंदी आवाज दी है। केतन कावा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि इस बायोपिक के लिए आवाज देना उनके लिए सबसे मुश्किल काम था, क्योंकि उन्हें जाफर की परफॉर्मेंस को फॉलो करने के साथ अपनी आवाज को हर सीन के मूड और इमोशन के उतार-चढ़ाव को भी जाहिर करना था। जाफर जैक्सन ने इस फिल्म में 'किंग ऑफ पॉप' माइकल जैक्सन की भूमिका निभाई है। 'माइकल' दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर 1 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार करने वाली पहली बायोपिक है।

जाफर जैक्सन को दिया श्रेय

केतन कावा ने 'हिंदुस्तान टाइम्स' के साथ बातचीत में कहा- 'मुझे आवाज के साथ-साथ पिच और इमोशन्स को भी मैच करना था। मैं इसका श्रेय जाफर जैक्सन को दूंगा, क्योंकि उन्होंने इस फिल्म में बहुत ही शानदार अभिनय किया है। उनके अभिनय को देखने के बाद मुझे ये पक्का करना था कि मेरी आवाज के साथ, मेरे बोलने के अंदाज और इमोशंस में तालमेल हो। ये एक बहुत ही शानदार अनुभव था। मैं 15 सालों से डबिंग इंडस्ट्री में काम कर रहा हूं। माइकल के लिए मुझे काफी कुछ बदलना पड़ा। कभी आवाज में नरमी और मजबूती थी, तो कभी ये पक्का करना था कि उदासी झलके। मेरे लिए इस फिल्म का हर सीन एक चुनौती था।'

'माइकल' के बारे में

'माइकल' की बात करें तो ये किंग ऑफ पॉप के नाम से मशहूर माइकल जैक्सन की बायोपिक है। ये बायोग्राफिकल ड्रामा 24 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसमें माइकल जैक्सन के भतीजे जाफर जैक्सन ने लीड रोल निभाया है। एंटोनी फुक्वा ने इसका निर्देशन किया है और ग्राहम किंग ने इसका निर्माण किया है। ये फिल्म पॉप आइकन माइकल जैक्सन की जिंदगी और करियर को करीब से दिखाती है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 8000 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन करके इतिहास रच दिया।

ये भी पढ़ेंः 'मैं लगभग बेहोश हो गया था', जब अमिताभ बच्चन के होटल रूम में अचानक हुई खटखट, दरवाजा खोला तो खुली रह गई आंखें