1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'कभी नहीं सोचा प्लेन के नीचे लेटना पड़ेगा', बोर्डिंग हुई, फिर अचानक कैंसिल हुई फ्लाइट, रनवे पर लेटकर एक्ट्रेस विजय लक्ष्मी ने सुनाई आपबीती

'कभी नहीं सोचा प्लेन के नीचे लेटना पड़ेगा', बोर्डिंग हुई, फिर अचानक कैंसिल हुई फ्लाइट, रनवे पर लेटकर एक्ट्रेस विजय लक्ष्मी ने सुनाई आपबीती

मुंबई-गोरखपुर फ्लाइट की बोर्डिंग के बाद अचानक उड़ान रद्द होने से यात्री परेशान हो गए। एक्ट्रेस विजय लक्ष्मी मलय्या ने वीडियो साझा कर एयरलाइन की कार्यप्रणाली और यात्रियों को हुई असुविधा पर नाराजगी जताई।

Vijay lakshmi- India TV Hindi
Image Source : VIJAY LAKSHMI/INSTAGRAM विजय लक्ष्मी।

मुंबई एयरपोर्ट पर एक फ्लाइट के यात्रियों को उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति का सामना करना पड़ा, जब बोर्डिंग पूरी होने और करीब एक घंटे तक विमान में बैठे रहने के बाद उन्हें अचानक नीचे उतरने के लिए कह दिया गया। इस घटना का वीडियो टीवी एक्ट्रेस विजय लक्ष्मी मलय्या ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। उन्होंने एक वीडियो में एयरक्राफ्ट के नीचे लेटकर अपनी परेशानी जाहिर की और कहा कि उन्होंने जिंदगी में कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसी स्थिति से गुजरना पड़ेगा। फ्लाइट को मुंबई से गोरखपुर जाना था, लेकिन संचालन समय से जुड़ी पाबंदियों के कारण इसे रद्द कर दिया गया।

एयरक्राफ्ट के नीचे लेटकर एक्ट्रेस ने बयां किया दर्द

विजय लक्ष्मी मलय्या ने इंस्टाग्राम पर कुछ वीडियो साझा किए हैं, जिनमें वह मुंबई एयरपोर्ट के टरमैक पर नजर आ रही हैं। एक वीडियो में एक्ट्रेस विमान के नीचे जमीन पर लेटी दिखाई देती हैं, जबकि आसपास कई दूसरे यात्री भी इंतजार करते हुए नजर आ रहे हैं। इस अनोखी और परेशान करने वाली स्थिति पर हैरानी जताते हुए उन्होंने कहा, 'मैंने जिंदगी में कभी ऐसा नहीं सोचा था कि मैं प्लेन के नीचे ऐसे लेटी रहूंगी।' वीडियो में कुछ यात्री जमीन पर बैठे दिखाई दे रहे हैं, तो कुछ खड़े होकर एयरलाइन की ओर से आगे की जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। दरअसल यह मामला फ्लाइट SG553 का है, जिसे 1 नवंबर को मुंबई से गोरखपुर के लिए रवाना होना था। जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट को दिनभर में कई बार देरी का सामना करना पड़ा। लंबे इंतजार के बाद यात्रियों को विमान में बैठने की अनुमति दी गई। इसके बाद उन्हें सुरक्षा से जुड़ी प्रक्रियाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। यात्रियों को लगा कि अब उनका सफर जल्द शुरू होने वाला है, लेकिन विमान ने उड़ान नहीं भरी।

करीब एक घंटे तक विमान में बैठे रहे यात्री

विजय लक्ष्मी के मुताबिक यात्री करीब एक घंटे तक विमान के भीतर बैठे रहे। इस दौरान उन्हें उम्मीद थी कि फ्लाइट जल्द ही उड़ान भरेगी, लेकिन बाद में उन्हें बताया गया कि विमान की यात्रा रद्द कर दी गई है और सभी यात्रियों को नीचे उतरना होगा। एक्ट्रेस ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब फ्लाइट को रद्द ही करना था, तो यात्रियों को बोर्डिंग की प्रक्रिया पूरी करने और विमान के भीतर बैठाने की जरूरत क्यों पड़ी? विमान से उतरते समय रिकॉर्ड किए गए एक अन्य वीडियो में उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'मेरी जिंदगी में पहली बार ऐसा हो रहा है कि बोर्डिंग के बाद हम लोगों को बताया जा रहा है कि फ्लाइट खाली करो।' उनके मुताबिक, यात्रियों को पहले विमान में बैठाया गया और फिर अचानक उन्हें बाहर आने के लिए कह दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया ने यात्रियों को काफी परेशान किया।

गोरखपुर की रहने वाली एक्ट्रेस ने उठाए सवाल

विजय लक्ष्मी ने एयरलाइन की ओर से बताई गई वजह पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि वह खुद गोरखपुर की रहने वाली हैं और कई बार रात के समय वहां से फ्लाइट में सफर कर चुकी हैं। ऐसे में एयरपोर्ट के संचालन समय को लेकर दी गई दलील उन्हें समझ नहीं आई। उन्होंने इस स्थिति को गैर-पेशेवर बताते हुए कहा कि यात्रियों के साथ ऐसा व्यवहार करना गलत है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भी यात्रियों की नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। घंटों इंतजार करने, बोर्डिंग पूरी करने और फिर विमान से उतरने के आदेश ने उनके सफर को परेशानी भरा बना दिया।

ये भी पढ़ें: पहली शादी टूटने के बाद फिर प्यार में रिमी टॉमी, 18 साल बाद दोबारा बनेंगी दुल्हन, तलाक के 6 साल बाद चुना नया हमसफर