A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'मेरे धर्म में इसकी इजाजत नहीं...' गणपति बप्पा मोरिया ना बोलने मिली नफरत, अब अली गोनी ने कही ये बात

'मेरे धर्म में इसकी इजाजत नहीं...' गणपति बप्पा मोरिया ना बोलने मिली नफरत, अब अली गोनी ने कही ये बात

अली गोनी हाल ही में तब विवादों में घिर गए जब गणपति सेलिब्रेशन के दौरान उन्होंने 'गणपति बप्पा मोरिया' नहीं बोला। अब इसे लेकर अली गोनी ने चुप्पी तोड़ी है और बप्पा मोरिया के नारे ना लगाने पर प्रतिक्रिया दी है।

Aly Goni- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@ALYGONI अली गोनी, जैस्मिन भसीन।

टीवी एक्टर अली गोनी पिछले कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। गणपति सेलिब्रेशन के दौरान 'गणपति बप्पा मोरिया' के नारे ना लगाने पर एक्टर ट्रोल्स के निशाने पर आ गए हैं। हाल ही में एक्टर का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह ग्रलफ्रेंड जैस्मिन भसीन के साथ नजर आए। इस दौरान जहां जैस्मिन 'गणपति बप्पा मोरिया' के नारे लगाती दिखीं, वहीं बगल में खड़े अली गोनी चुप रहे और धीरे से मुंह फेर लिया। इसे लेकर एक्टर की जमकर आलोचना हुई। लोगों का कहना था कि जहां जैस्मिन, अली के लिए दरगाह तक जाती हैं, वहीं अली गोनी उनके लिए गणपति का जयकारा तक नहीं लगा सके। इस पर अब अली गोनी ने खुद चुप्पी तोड़ी है।

विवाद पर अली गोनी ने तोड़ी चुप्पी

अली गोनी ने फिल्मीज्ञान के साथ बातचीत में 'गणपति बप्पा मोरिया' के नारे ना लगाने पर प्रतिक्रिया दी और ऐसा ना करने के पीछे की वजह भी बताई है। अली का कहना है कि उन्होंने ऐसा जानबूझकर नहीं किया और ना ही वह हिंदू धर्म का अपमान करना चाहते थे। उनका कहना है कि वह अपने ख्यालों में खोए थे और उन्हें इस बात का जरा भी एहसास नहीं था कि उनके गणपति बप्पा मोरिया ना कहने से इतना बड़ा विवाद खड़ा हो जाएगा।

मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करना है- अली गोनी

अली गोनी मुस्लिम धर्म से ताल्लुक रखते हैं और इसका हवाला देते हुए उन्होंने कहा- 'मुझे इस बात का एहसास ही नहीं हुआ। मैं तो बस अपने ही ख्यालों में खोया था। कुछ सोच रहा था। मैंने ध्यान ही नहीं दिया कि मैं क्या कर रहा था। मुझे नहीं पता था कि इसका इतना बड़ा मुद्दा बन जाएगा। मैं गणपति पूजा पर पहली बार गया हूं, मैं कभी नहीं गया था। तो मुझे नहीं पता था कि क्या करना है। मैं नहीं जानता कि गणपति पूजा हो रही है तो क्या करना है। मुझे लगता था कि मुझसे कोई गलती ना हो जाए, इसलिए नहीं जाता था। सोचता था कि लोग पूजा कर रहे हों तो कहीं कुछ गलत ना बोल दूं। मैं बहुत रैंडम हूं, कभी भी कुछ भी बोल देता हूं।'

अली गोनी का वीडियो

मेरा धर्म इसकी इजाजत नहीं देता- अली गोनी

अली गोनी ने आगे कहा- 'मेरे धर्म में इसकी इजाजत नहीं है। हम पूजा नहीं करते। हम दुआ करते हैं, नमाज पढ़ते हैं और सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। कुरान में यही लिखा है और हम हर धर्म का सम्मान करते हैं। मैं भी करता हूं।' बता दें, अली गोनी हाल ही में तब ट्रोल्स के निशाने पर आ गए थे जब वह गणपति सेलिब्रेशन में शामिल हुए थे, लेकिन गणपति बप्पा मोरिया कहने से कतराते दिखाई दिए। इसे लेकर वह काफी ट्रोल हुए।