'बालिका वधू' के जगिया और आनंदी तो सभी को याद हैं, लेकिन क्या आपको आनंदी की ताई सास गहना याद है? 'बालिका वधु' में गहना का किरदार टीवी एक्ट्रेस नेहा मर्दा ने निभाया था, जिन्हें इस किरदार ने घर-घर में पहचान दिलाई। इसके अलावा नेहा मर्दा ने 'डोली अरमानों की', 'क्यूं रिश्तों में कट्टी बट्टी' और 'साथ रहेगा ऑलवेज' जैसे शोज में भी काम किया और सुर्खियां बटोरीं। लेकिन टीवी इंडस्ट्री में सक्सेसफुल करियर के बाद भी अब नेहा मर्दा एक्टिंग से दूर हैं। कई साल से वह किसी शो में नजर नहीं आई हैं। ऐसे में फैंस अक्सर ये सवाल करते रहते हैं कि आखिर वह इतना व्यस्त कहां चल रही हैं? आपको बता दें कि बालिका वधू की गहना यानी नेहा मर्दा अब बिजनेसवुमन बन चुकी हैं। तो चलिए जानते हैं नेहा मर्दा के बिजनेस के बारे में।
नेहा मर्दा बनीं बिजनेसवुमन
नेहा मर्दा हाल ही में तब चर्चा में आई थीं जब वह 'शार्क टैंक इंडिया' में अपना प्रोडक्ट लेकर पहुंची थीं और एक्ट्रेस का बिजनेस आइडिया देखकर शार्क्स भी काफी इंप्रेस हुए थे। नेहा मर्दा ने सिर्फ 10 रुपये की चीज से बिजनेस शुरू किया और अब करोड़ों में पैसे छाप रही हैं। उनके 2 लाख से ज्यादा ग्राहक हो चुके हैं। अभिनेत्री ने यहां बताया कि उन्होंने फिटकरी से अपना बिजनेस शुरू किया था। एक्ट्रेस फिटकरी से अंडरआर्म रोल-ऑन बनाती हैं, जो शरीर से आने वाली पसीने की बदबू को दूर करता है और दिन भर तरोताजा रखता है।
पति और भाई के साथ मिलकर शुरू किया बिजनेस
नेहा मर्दा ने शो के दौरान ही बताया था कि उन्होंने अपने पति और भाई के साथ मिलकर ये बिजनेस शुरू किया है, जिसका अब करोड़ों में टर्नओवर हो चुका है। इसी के साथ नेहा ने शार्क्स को ये भी बताया था कि उन्हें ये बिजनेस आइडिया कैसे और कब आया। एक्ट्रेस ने बताया कि प्रेग्नेंसी के दौरान उन्हें अपने शरीर से अजीब सी बदबू आती थी, जिससे वह काफी परेशान रहती थीं। नेहा के अनुसार, उन्होंने इस बदबू से छुटकारा पाने के लिए हर तरह की चीजें इस्तेमाल कीं, कई तरह के परफ्यूम-डियोड्रेंट इस्तेमाल किए, लेकिन कोई भी प्रोडक्ट ऑर्गेनिक नहीं था।
3 साल तक रिसर्च किया
नेहा मर्दा ने बताया कि जब उन्हें कुछ ऑर्गेनिक नहीं मिला, तब उन्होंने फिटकरी बेस्ड अंडरआर्म रोल-ऑन बनाया। लेकिन, इस प्रोडक्ट को लॉन्च करने से पहले उन्होंने तीन साल तक रिसर्च की, देखा कि इसमें और क्या एड किया जा सकता है और कैसे और फायदेमंद बनाया जा सकता है और फिर इसे डेवलप किया। नेहा ने दावा किया कि उनका ये रोल ऑन शरीर से बदबू दूर करने के साथ-साथ बैक्टीरिया भी मारता है। उनके अनुसार, रोल ऑन की क्वालिटी और फॉर्मुलेशन सुधारने के लिए उन्होंने इसकी कीमत 999 कर दी, जिसके चलते वह शुरुआत में ग्राहकों के निशाने पर आ गई थीं। लेकिन, जब उन्होंने प्रोडक्ट के बारे में जानकारी दी तो मांग भी बढ़ गई और ग्राहकों का गुस्सा भी शांत हो गया।
ये भी पढ़ेंः Cannes 2026 में आलिया भट्ट को किया गया इग्नोर? हल्ले पर फूटा मां सोनी राजदान का गुस्सा, ट्रोलिंग पर दिया जवाब
Cannes 2026 में जीजी हदीद बनकर पहुंचीं उर्वशी रौतेला! कॉपी किया व्हाइट साड़ी-गोल्डन ब्लाउज लुक, हुईं ट्रोल