बिग बॉस 19 जैसे-जैसे फिनाले की ओर बढ़ रहा है, घरवालों के बीच जीत की जंग भी तेज होती जा रही है। इस हफ्ते भी शो में कैप्टेंसी से लेकर नॉमिनेशन टास्क तक में भारी बवाल देखने को मिला। अब वो घड़ी भी आ गई, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहता है। यहां बात हो रही है वीकेंड का वार की, जिसमें शो के होस्ट सलमान खान कंटेस्टेंट्स को रियेलिटी चेक देते हैं और उनके हफ्ते भर का लेखा-जोखा पेश करते हैं। इस वीकेंड का वार में सलमान खान अशनूर कौर को बॉडी शेम करने पर तान्या मित्तल और नीलम गिरी को निशाने पर लेते दिखाई देने वाले हैं।
तान्या-नीलम की लगी क्लास
बिग बॉस के अपकमिंग वीकेंड का वार में तान्या और नीलम सलमान खान के निशाने पर आने वाली हैं। सलमान खान ने अशनूर कौर को बॉडी शेम करने पर तान्या मित्तल और नीलम गिरी को आड़े हाथों लिया। तान्या और नीलम पिछले दिनों अशनूर को 'मोटी हाथी' जैसे शब्दों के जरिए बॉडी शेम करती नजर आई थीं। अब जैसे ही सुपरस्टार ने बॉडी शेमिंग के मुद्दे को उठाया, तान्या ने अपनी बात से मुकरने की कोशिश की, लेकिन सलमान खान ने उन्हें फटकार लगा दी।
अशनूर पर तान्या-नीलम की पूछी राय
हाल ही में जियो हॉटस्टार ने वीकेंड का वार का नया प्रोमो शेयर किया, जिसमें सलमान खान तान्या और नीलम से अशनूर को लेकर उनकी राय पूछते हैं। इस पर दोनों अशनूर की तारीफ करती हैं, लेकिन जैसे ही नीलम ने अशनूर को खूबसूरत और तान्या ने प्रिंसेस कहा, सलमान खान गुस्से में कहते हैं- 'नीलम आपको अपनी चुगली पर बहुत गर्व है? अब क्यों नहीं बोल रही हैं आप... और तान्या आपने अशनूर को मोटी, हाथी जैसी, डायनासॉर, फुग्गे जैसी शक्ल वाली कहा था... आपको ये सब कहने का हक किसने दिया?'
हैरान हुईं अशनूर
अशनूर अपने बारे में हुई बातें जैसे ही सुनती हैं, काफी हैरान नजर आती हैं। अपने बारे में किए गए कमेंट पर वह तान्या से कहती हैं- 'तुम्हें शर्म आनी चाहिए।' दूसरी तरफ सोशल मीडिया यूजर भी तान्या की क्लास लगने पर खुश नजर आए। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा- 'फाइनली... सलमान सर ने इस बात को कॉल आउट किया, आपका बहुत-बहुत शुक्रिया।' एक अन्य ने लिखा- 'तान्या, सलमान सर की तरफ ऐसे देख रही है, जैसे ये किसी और के शब्द हों।'
ये भी पढ़ेंः अमिताभ बच्चन के पैर छूकर फंसा सिंगर, खालिस्तानी ग्रुप ने दी धमकी तो शेयर किया पोस्ट, बताई KBC में जाने की वजह