1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. ईशा रिखी ने झेली चीटिंग, 'प्लेबॉय' को लेकर छलका दर्द, बोलीं- क्या कभी उन्हें पछतावा होता है?

ईशा रिखी ने झेली चीटिंग, 'प्लेबॉय' को लेकर छलका दर्द, बोलीं- क्या कभी उन्हें पछतावा होता है?

‘बिग बॉस 20’ में ईशा रिक्खी ने ‘रेड फ्लैग’ और चीटिंग पर ऐसी बातें कहीं, जिन्हें दर्शक बदशाह से जोड़ रहे हैं। हालांकि ईशा ने सीधे तौर पर बदशाह का नाम नहीं लिया है।

isha rikhi- India TV Hindi
Image Source : ISHARIKHI/INSTAGRAM ईशा रिखी।

सलमान खान के टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इस बार कंटेस्टेंट्स की निजी जिंदगी भी चर्चा का हिस्सा बनती नजर आ रही है। शो में पहुंचीं पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर पहले ही सुर्खियां बटोर चुकी हैं। ईशा और सिंगर-रैपर बदशाह के रिश्ते और फिर शादी की खबरों ने इस साल खूब ध्यान खींचा था। हालांकि, बाद में दोनों ने सोशल मीडिया पर अपने अलग होने की जानकारी दी। अब बिग बॉस के घर में ईशा की एक बातचीत का वीडियो सामने आया है, जिसे देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि उन्होंने बदशाह की ओर इशारा करते हुए कुछ बातें कहीं।

‘रेड फ्लैग’ वाली बात पर ईशा ने दिया जवाब

'बिग बॉस' के घर में एक बातचीत के दौरान गुल्लू को घर की लड़कियों ने ‘रेड फ्लैग’ कह दिया। इस पर गुल्लू ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'क्या आपने कभी इतना अच्छा रेड फ्लैग देखा है?' उनके इस सवाल पर ईशा रिखी ने तुरंत जवाब दिया, 'रेड फ्लैग बहुत अच्छा देखा है मैंने।' ईशा का यह जवाब सुनकर घर के दूसरे सदस्यों ने उन्हें छेड़ना शुरू कर दिया। ईशा ने तुरंत यह स्पष्ट करने की कोशिश की कि उनका इशारा अपनी निजी जिंदगी की तरफ नहीं था। हालांकि, घरवालों की छेड़छाड़ के बीच वह मुस्कुराती और झेंपती नजर आईं। इसी छोटे से पल ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया और दर्शक उनके बयान को बदशाह से जोड़कर देखने लगे।

चीटिंग और ‘प्लेबॉय’ को लेकर भी हुई चर्चा

इसके बाद ईशा ने घर के लड़कों से रिश्तों और धोखे को लेकर एक गंभीर सवाल किया। उन्होंने पूछा कि जो लोग अपने पार्टनर को धोखा देते हैं, क्या उनके लिए आगे बढ़ना आसान होता है? ईशा ने खास तौर पर यह जानना चाहा कि क्या किसी को धोखा देने वाले व्यक्ति को बाद में अपने किए का पछतावा होता है, खासकर अगर वह व्यक्ति ‘प्लेबॉय’ किस्म का हो। गुल्लू ने इसका जवाब देते हुए कहा कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि उसने किसे धोखा दिया है। उनके मुताबिक अगर सामने वाला व्यक्ति उसके लिए महत्वपूर्ण था तो बाहर से वह कितना भी बेफिक्र दिखे, अकेले में उसे अपने फैसले पर जरूर विचार करना पड़ सकता है। बातचीत के दौरान रिश्तों, पछतावे और आगे बढ़ने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

सोशल मीडिया यूजर्स ने बदशाह से जोड़ा ईशा का बयान

बातचीत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यूजर्स ने तरह-तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने सीधे सवाल किया कि क्या ईशा ने ‘प्लेबॉय’ कहकर बदशाह की ओर इशारा किया है। वहीं कुछ यूजर्स ने यह भी पूछा कि क्या बदशाह ने ईशा को धोखा दिया था। हालांकि, ईशा ने बातचीत में कहीं भी बदशाह का नाम नहीं लिया और न ही उन्होंने साफ तौर पर यह कहा कि उनकी बात अपने पूर्व पति को लेकर थी। इसलिए फिलहाल सोशल मीडिया पर की जा रही इन बातों को सिर्फ दर्शकों की अटकलों के तौर पर ही देखा जा सकता है। ईशा की ओर से इस बातचीत में बदशाह का सीधे तौर पर कोई जिक्र नहीं किया गया।

बिग बॉस के प्रीमियर पर ईशा ने बयां किया था अपना दर्द

‘बिग बॉस 20’ के प्रीमियर के दौरान ईशा ने पहली बार अपनी पिछली शादी और रिश्ते को लेकर भावनात्मक बातें की थीं। उन्होंने बताया था कि वह बदशाह से प्यार करती थीं और उन्हें लगा था कि उन्हें वही इंसान मिल गया है, जिसकी वह तलाश कर रही थीं। ईशा ने अपने पूर्व पति को सिर्फ ‘ग्रीन फ्लैग’ नहीं बल्कि ‘पूरा ग्रीन फॉरेस्ट’ तक बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि वह शादी करके अपनी जिंदगी को आगे बढ़ाना चाहती थीं और इसके लिए उन्होंने काफी कोशिश की। लेकिन कुछ अनुभव इंसान को बदल देते हैं। ईशा के मुताबिक, जब किसी रिश्ते में भरोसा टूटता है तो व्यक्ति खुद से सवाल करने लगता है कि आखिर उससे कहां गलती हुई। बता दें, बीबी 20 हाउस को पहला कैप्टन मिल गया है, जिसने आते ही कनिका मान पर निशाना साधा है।

शादी के बाद जल्द अलग हुए ईशा और बदशाह

ईशा रिक्खी और बदशाह ने अपने रिश्ते को लंबे समय तक निजी रखा था। साल 2026 में दोनों की शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद उनके रिश्ते को लेकर सार्वजनिक तौर पर चर्चा शुरू हुई। इसके बाद ईशा ने सोशल मीडिया पर सवाल-जवाब के दौरान बदशाह को अपने ‘पति देव’ के तौर पर भी संबोधित किया था। हालांकि यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल सका। बाद में दोनों ने सोशल मीडिया पर साझा बयान जारी कर अलग होने की जानकारी दी। बदशाह ने कहा था कि उन्होंने और ईशा रिखी ने आपसी सहमति से अलग होने और अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला किया है। दोनों ने लोगों से इस मुश्किल समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील भी की थी।

ये भी पढ़ें: मनोज तिवारी की बेटी रीति को मिलती हैं रेप और जान से मारने की धमकियां, 'बिग बॉस 20' में बयां किया दर्द