1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'खतरों के खिलाड़ी 15' में स्टंट के बाद जैस्मिन भसीन की याददाश्त हुई कमजोर? घबराए रोहित शेट्टी, बोलीं- 'मुझे कुछ याद नहीं'

'खतरों के खिलाड़ी 15' में स्टंट के बाद जैस्मिन भसीन की याददाश्त हुई कमजोर? घबराए रोहित शेट्टी, बोलीं- 'मुझे कुछ याद नहीं'

जैस्मिन भसीन ने बताया कि 'खतरों के खिलाड़ी 15' में पानी और हवा वाला स्टंट करने के बाद उनकी याददाश्त कुछ समय के लिए चली गई थी। एक्ट्रेस ने आगे कहा कि स्टंट के बाद क्या हुआ था, उन्हें याद नहीं है।

Jasmine Bhasin, Rohit Shetty- India TV Hindi
Image Source : INSTA/@JASMINBHASIN2806,KHATRONKEKHILADI जैस्मिन भसीन और रोहित शेट्टी

जैस्मीन भसीन ने 'खतरों के खिलाड़ी 15' के सेट पर हुए एक डरावने अनुभव के बारे में बताया है। उन्होंने शेयर किया कि शो में पानी और हवा वाला स्टंट करने के कुछ समय बाद उनकी याददाश्त कमजोर हो गई थी और बाद में पता चला कि उनके सिर में चोट लगने से दिमाग पर बुरा असर हुआ था। इस वजह से एक्ट्रेस जैस्मीन की याददाश्त कुछ समय के लिए चली गई थी और उनकी यह बात शो के होस्ट रोहित शेट्टी भी घबरा गए। जैस्मीन, जो पहले 'नागिन: भाग्य का जहरीला खेल', 'खतरों के खिलाड़ी – मेड इन इंडिया' और 'बिग बॉस 14' जैसे शो में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें स्टंट के ठीक बाद क्या हुआ, यह याद नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि अभी भी उनको इस बारे में कुछ याद नहीं है।

जैस्मीन भसीन के सिर पर लगी चोट

'खतरों के खिलाड़ी 15' के नए प्रोमो में ​​इस घटना के बारे में बात करते हुए जैस्मीन भसीन ने कहा, 'यह मेरे लिए बहुत ही हैरान करने वाला अनुभव था। मुझे याद नहीं है कि स्टंट के ठीक बाद क्या हुआ था और अभी भी उस स्टंट का एक हिस्सा मुझे बिल्कुल याद नहीं है। मुझे कुछ भी याद नहीं आ रहा है। मैं यहां क्या कर रही हूं। डॉक्टरों ने बताया कि मुझे हल्का कनकशन हुआ है और मुझे 72 घंटे तक पूरा आराम करने की सलाह दी।' एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपडेट दी है कि उन्हें इस खतरनाक स्टंट के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। इसके पहले रुबीना दिलैक को अस्पताल ले जाया गया था।

Image Source : Instagram/@jasminbhasin2806जैस्मीन भसीन को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।

जैस्मीन भसीन की बात सुन रोहित शेट्टी हैरान

एक्ट्रेस ने मुश्किल हालात में उनका साथ देने के लिए शो के होस्ट रोहित शेट्टी, चैनल, प्रोडक्शन टीम और मेडिकल स्टाफ का भी शुक्रिया अदा किया। जैस्मीन भसीन ने जब रोहित शेट्टी से पूछा कि स्टंट क्या था? मुझे कुछ याद नहीं तो घबराते हुए रोहित शेट्टी ने कहा, 'क्या स्टंट याद नहीं, तुम्हें नहीं पता तुमने अभी क्या किया?' कमाल की बात यह है कि जैस्मीन भसीन को भले ही इस स्टंट के दौरान चोट आई हो, लेकिन उन्होंने अपनी टीम को जीता दिया।

तीसरी बार खतरों से लड़ रही जैस्मिन

'खतरों के खिलाड़ी' में जैस्मिन भसीन की यह तीसरी अपीयरेंस है। यह शो कलर्स टीवी पर आता है और जियोहॉटस्टार पर डिजिटल रूप से स्ट्रीम होता है। सबसे पहले एक्ट्रेस सीजन 9 और दूसरी बार स्पेशल एडिशन 'खतरों के खिलाड़ी: मेड इन इंडिया' का हिस्सा बनी थीं।

ये भी पढ़ें - 'खतरों के खिलाड़ी 15' में गौरव खन्ना पर भारी पड़ा खतरनाक फायर स्टंट, दर्द में निकली चीख