जया भट्टाचार्य टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं और उन्होंने सीरियल्स के साथ-साथ कई फिल्मों में भी काम किया है। उन्होंने अपने करियर में कई दमदार किरदार निभाए हैं, जिनके दम पर उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। अब हाल ही में जया भट्टाचार्य ने अपने करियर से लेकर निजी जिंदगी तक के बारे में खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने उस शख्स का जिक्र किया, जो शादीशुदा होते हुए भी उनके पीछे पड़ गया था। ये शख्स जया भट्टाचार्य से शादी करना चाहता था और इसके लिए वह उन्हें पैसे देने तक को तैयार था। इसी के साथ जया ने एकता कपूर के हिट सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' पर भी खुलकर बात की और अपने लिव इन रिलेशनशिप का भी खुलासा किया।
जब जया भट्टाचार्य के पीछे पड़ गया शादीशुदा शख्स
जया भट्टाचार्य ने सिद्धार्थ कनन के साथ बातचीत में अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात करते हुए कहा- 'लखनऊ की बात है। मैं उस समय कोई 17-18 साल की थी और 11वीं में पढ़ती थी। मेरे घर एक अंकल आते थे, उन्होंने मुझे गाड़ी चलाना भी सिखाई थी। वह अक्सर घर आते थे, लेकिन धीरे-धीरे उनको लेकर बातें होने लगीं कि वह बहुत खतरनाक हैं। उनके पॉलिटिकल कनेक्शन हैं और माफिया से जुड़े हैं। एक दिन उस शख्स ने मुझसे मुंबई चलने को कहा, लेकिन मैंने मना कर दिया।'
जया भट्टाचार्य का पीछा करता था शख्स
जया आगे बताती हैं- 'मैं जहां भी जाती वो आदमी वहां आ जाता था। एक दिन उस आदमी ने मेरे पेरेंट्स से कहा कि वो मुझसे शादी करना चाहता है। मैं सोने के लिए लेटी थी, जैसे ही उसकी बात सुनी उठकर बैठ गई। फिर पूछा तो पापा ने बताया कि वो आदमी तुमसे शादी करना चाहता है। हमें उसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। फिर हम दूरदर्शन के ऑफिस गए, वहां उनके दोस्त थे। उन्होंने बताया कि वो आदमी शादीशुदा है और उसके बच्चे हैं। मैं उसका पता लेकर उसके घर गई। वहां उसके बच्चों के साथ खेली, उनके घर खाना खाया और पूरे दिन घूमती रही। वो कुछ बोल तो सकते नहीं थे, तब जाकर उनका आना बंद हुआ।'
शादी के लिए ऑफर किए 2 लाख
जया ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा- 'कुछ समय बाद वो फिर आने लगे। एक दिन मुझे स्टेशन छोड़ने पहुंच गए, जो घर से कुछ दूर ही था। तो मैंने पूछा- आप चाहते क्या हैं? तो उसने कहा कि वो मुझसे शादी करना चाहता है। 1991-92 की बात है, उसने मुझे शादी के लिए 2 लाख देने को कहा। मैंने कहा, मैं बिकाऊ नहीं हूं, अबसे आप नहीं आएंगे। आगे जाकर पता चला कि उस आदमी ने एक बच्ची का रेप किया है और उसकी बीबी ने ही उसे पकड़वाया है। लंबे समय बाद फिर उस आदमी ने मुझे कॉल किया और कहा- मेरी बीबी जलकर मर गई है, अब मिलें?'
लिव इन रिलेशनशिप में रहीं एक्ट्रेस
जया भट्टाचार्य ने अपने और मजाहिर रहीम के रिश्ते के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा- 'वह बहुत पढ़े लिखे और टैलेंटेड थे। गोल्ड मेडलिस्ट थे। हमारे बीच में कोई 19 साल का अंतर था। उन्हें डर लगता था कि कहीं मैं उनके हाथ से छूट न जाऊं। मैं उनकी बहुत शुक्रगुजार हूं, अगर वो नहीं होते तो पता नहीं जिंदगी में मुझे कितने मूर्ख मिलते। मैं 11 साल रिलेशनशिप में रही। फिर कुछ महीने उनसे दूर रही तो लगा जैसे मैं एक पिंजड़े में थी। उन्होंने मुझे बहुत प्रोटेक्ट करके रखा था। मुझे इंडस्ट्री में तीन लोगों ने परेशान किया था, लेकिन फिर रहीम जी के चलते नहीं कर पाए। पहले रहीम जी से शादी का ख्याल आया, लेकिन चीजें ऐसी होती चली गईं कि 5 साल बाद जिद पर अड़ गई कि शादी नहीं करूंगी। मगर वो शादी करना चाहते थे। उन्हें बच्चा चाहिए था और मुझे नहीं।' बता दें, जया भट्टाचार्य 47 साल की हैं और अब भी उन्होंने शादी नहीं की है।