A
Hindi News मनोरंजन टीवी 'पास आ जा, बिंदास पकड़', जब रोमांटिक सीन में झिझके करण मेहरा, डायरेक्टर ने यूं बढ़ाया हौंसला

'पास आ जा, बिंदास पकड़', जब रोमांटिक सीन में झिझके करण मेहरा, डायरेक्टर ने यूं बढ़ाया हौंसला

करण मेहरा ने 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में हिना खान के साथ काम किया था। दोनों ने इस सीरियल में लीड रोल निभाया था। इस दौरान दोनों के बीच खिटपिट के भी खूब चर्चे रहे, लेकिन हमेशा से दोनों का रिश्ता ऐसा नहीं था। खुद एक्टर ने इसके बारे में खुलासा किया है।

Hina Khan- India TV Hindi Image Source : INSTAGRAM करण मेहरा-हिना खान ने सालों 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में साथ काम किया।

'ये रिश्ता क्या कहलाता है' टीवी के सबसे पॉपुलर शोज में से एक है, जो 16 सालों से दर्शकों का मनोरंजन कर चुका है। इस शो की शुरुआत जनवरी 2009 में हुई थी और पहले सीजन में करण मेहरा और हिना खान ने लीड रोल निभाया था। सीरियल में करण मेहरा ने नैतिक और हिना खान ने अक्षरा का लीड रोल प्ले किया था। दोनों की ऑन स्क्रीन जोड़ी को खूब पसंद किया गया। लेकिन, सीरियल में अक्सर एक दूसरे के साथ प्यार से पेश आने वाली इस जोड़ी की रियल लाइफ में कट्टर दुश्मनी के चर्चे थे। हालांकि, एक समय था जब हिना और करण काफी अच्छे दोस्त हुआ करते थे और इसका खुलासा खुद करण मेहरा ने किया है।

जब रोमांटिक सीन में शर्माने लगे करण मेहरा

फिल्मी ज्ञान से बात करते हुए करण मेहरा ने शो के शुरुआती दिनों को याद किया और बताया कि वह कभी बहुत शर्मीले हुआ करते थे, लेकिन हिना उनके बिलकुल अपोजिट थीं। उन्होंने कहा, 'हम तब नए-नए आए थे। मैं 3-4 साल काम कर चुका था, लेकिन हिना तो बिलकुल नई थी। ऐसे में रोमांटिक सीन कैसे करने हैं और बाकि के सीन कैसे करने हैं ये सब सीखना पड़ता था और मैं हमेशा से बहुत शर्मीला रहा हूं। तब हमारे डायरेक्टर रोमेश कालरा को आकर कहना पड़ता था- ‘अरे नहीं, बिंदास पकड़, पास जा।’ इस पर मैं कहता था- अजीब लग रहा है, कितना पास चला जाऊं?'

धीरे-धीरे बातचीत कम हो गई

करण आगे बताते हैं कि उन्होंने हिना खान के साथ 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में 8 साल काम किया और आखिरी के 3-4 साल में दोनों के बीच की अंडरस्टैंडिंग इतनी गजब की हो गई थी कि उन्हें रिहर्सल करने की जरूरत ही नहीं पड़ती थी। हालांकि, शो के दौरान कई बार ऐसी खबरें आईं कि हिना खान और करण मेहरा के बीच खिटपिट है, लेकिन एक समय था जब दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी। पहले के 6 महीने दोनों ने अच्छे से साथ काम किया, लेकिन बाद में दोनों के बीच बातचीत कम होती गई।

हिना खान ने क्यों छोड़ा शो?

खबरों की मानें तो करण और हिना की पर्सनैलिटी में काफी अंतर था। जहां हिना बहुत फ्रेंडली और मस्तीभरी हैं, वहीं करण रिजर्व और शांत स्वभाव के हैं। वहीं शो की लंबी शूटिंग और लगातार साथ रहने की चलते भी धीरे-धीरे दोनों की बातचीत कम होती गई। कुछ सालों बाद ही हिना खान ने शो छोड़ने का फैसला कर लिया। वहीं शो के प्रोड्यूसर राजन शाही का कहना था  कि हिना के सेट पर बहुत 'नखरे' और अनप्रोफेशनल बिहेवियर के चलते शो के साथ उनका सफर खत्म हुआ था।