1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. वीडियो कॉल पर पति से हुई लड़ाई, फेमस एक्ट्रेस ने उठाया खौफनाक कदम, 36 की उम्र में गई जान

वीडियो कॉल पर पति से हुई लड़ाई, फेमस एक्ट्रेस ने उठाया खौफनाक कदम, 36 की उम्र में गई जान

साउथ इंडस्ट्री की फेमस एक्ट्रेस सुभाषिनी बालसुब्रमण्यम ने एक खौफनाक कदम उठाया, जिसने सभी को चौंका दिया है। एक्ट्रेस ने 36 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है।

Subashini balasubramaniyam- India TV Hindi
Image Source : SUBASHINI BALASUBRAMANIYAM INSTAGRAM पति संग सुभाषिनी बालसुब्रमण्यम।

तमिल टेलीविजन जगत से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेत्री सुभाषिनी बालसुब्रमण्यम ने सोमवार 6 अप्रैल 2026 को इस दुनिया को 36 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। चेन्नई स्थित अपने आवास पर अभिनेत्री ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार यह आत्मघाती कदम पारिवारिक कलह के चलते उठाया गया है। सबसे ज्यादा विचलित करने वाली बात यह है कि सुभाषिनी का जन्मदिन महज कुछ ही दिनों बाद था, लेकिन सेलिब्रेशन के उस मौके से छह दिन पहले ही उन्होंने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

लोकप्रिय धारावाहिक 'कयाल' से मिली थी पहचान

मूल रूप से श्रीलंका की रहने वाली सुभाषिनी बालसुब्रमण्यम ने तमिल मनोरंजन उद्योग में अपनी एक खास जगह बनाई थी। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता चर्चित तमिल सीरियल 'कयाल' में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए मिली थी। अभिनय के प्रति उनके जुनून का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने साल 2012 में फिल्म 'इनी अवन' से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके अलावा उन्होंने कई शॉर्ट फिल्मों और सामाजिक जागरूकता से जुड़े वीडियो में भी काम किया था। सोशल मीडिया पर भी वह काफी सक्रिय थीं और इंस्टाग्राम पर उनके 4 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे, जो उनके निधन की खबर से गहरे सदमे में हैं।

पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव बना कारण

सुभाषिनी चेन्नई के अय्यप्पनथांगल स्थित एक अपार्टमेंट में रह रही थीं। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि घटना से पहले उनका अपने पति के साथ वीडियो कॉल पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। अधिकारियों का मानना है कि इसी बहस के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में आ गई थीं, जिसके चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने उनके पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है। उनके सह-कलाकारों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

जन्मदिन से ठीक पहले हुआ हादसा

सुभाषिनी का निधन उस समय हुआ जब उनके जीवन में कई खुशियां आने वाली थीं। आने वाली 12 अप्रैल को वह अपना जन्मदिन मनाने वाली थीं, जिसकी तैयारियां शायद उन्होंने शुरू भी कर दी होंगी। इतना ही नहीं इसी महीने की 21 तारीख को उनकी शादी की दूसरी सालगिरह भी थी। खुशियों के इन मौकों से ठीक पहले एक हंसते-खेलते चेहरे का इस तरह चले जाना वाकई हृदय विदारक है। उनके प्रशंसकों के लिए यह यकीन कर पाना मुश्किल हो रहा है कि चंद दिनों पहले तक सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली उनकी पसंदीदा अभिनेत्री अब उनके बीच नहीं रही।

ये भी पढ़ें:  29 साल पहले फेमस एक्टर ने की थी कोर्ट मैरिज, अब 57 की उम्र में लिए सात फेरे, शादी का वीडियो मचा रहा धूम