A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'महाराणा प्रताप' की मासूम अजबदे याद है, पूरी तरह बदल गया क्यूट एक्ट्रेस का लुक, अब ग्लैमरस अदाओं से बनाती है दीवाना

'महाराणा प्रताप' की मासूम अजबदे याद है, पूरी तरह बदल गया क्यूट एक्ट्रेस का लुक, अब ग्लैमरस अदाओं से बनाती है दीवाना

'महाराणा प्रताप' टीवी शो में कई चाइल्ड आर्टिस्ट नजर आए और इस शो ने इन्हें घर-घर में पॉपुलर बना दिया। इनमें से एक चाइल्ड एक्टर ने अजबदे का किरदार निभाया था, उनकी मासूमियत ने लोगों का दिल जीत लिया था। अब वो कहां हैं और क्या कर रही हैं जानें।

Maharana Pratap innocent Ajabde- India TV Hindi
Image Source : IMDB महाराणा प्रताप और अजबदे।

टेलीविजन जगत का बेहद लोकप्रिय ऐतिहासिक धारावाहिक 'भारत का वीर पुत्र महाराणा प्रताप' आज भी दर्शकों के दिलों में एक खास जगह रखता है। लगभग 13 साल पहले साल 2013 से 2015 के बीच प्रसारित हुए इस धारावाहिक में फैसल खान ने मुख्य किरदार निभाया था, जबकि उनकी बाल सखा और पत्नी 'अजबदे पंवार' के रूप में रोशनी वालिया नजर आई थीं। शो में अपनी सादगी और मासूमियत से हर किसी का दिल जीतने वाली रोशनी वालिया अब काफी बड़ी हो चुकी हैं। वक्त के साथ उनके लुक में इतना बड़ा बदलाव आया है कि अब उन्हें पहली नजर में पहचानना भी मुश्किल हो जाता है। वह पहले से कहीं ज्यादा खूबसूरत और ग्लैमरस हो चुकी हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें

रोशनी वालिया अब एक पूर्ण अभिनेत्री के रूप में मनोरंजन उद्योग में सक्रिय हैं और फिल्मों में अपना हुनर दिखा रही हैं। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी काफी व्यस्त रहती हैं और अक्सर अपनी तस्वीरें साझा करती हैं। हाल ही में रोशनी की कुछ तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुईं, जिनमें उनका बदला हुआ स्टनिंग और मॉडर्न अवतार देखकर लोग दंग रह गए। पार्टी वियर ड्रेसेस में उनकी खूबसूरती और स्टाइल की प्रशंसक जमकर सराहना कर रहे हैं। उनके नए लुक्स को देखकर फैंस का कहना है कि अब उनसे नजरें हटाना भी मुश्किल हो गया है।

सेट की डांट-फटकार पर रोशनी का नजरिया

अपने पुराने दिनों और 'महारणा प्रताप' के सेट के अनुभवों को साझा करते हुए रोशनी ने एक इंटरव्यू में कई दिलचस्प खुलासे किए। उन्होंने बताया, 'उस समय शूटिंग के दौरान अगर मैं कभी अपने डायलॉग भूल जाती थी तो मुझे मेकर्स की डांट भी सुननी पड़ती थी।' हालांकि इस बात को लेकर रोशनी के मन में कोई मलाल या नाराजगी नहीं है। उन्होंने आगे कहा, 'मैं आज भी उस निर्देशक का बहुत सम्मान करती हूं और उनके आगे हाथ जोड़ती हूं। मैंने कैमरे के सामने काम करने की बारीकियां उन्हीं की डांट से सीखी हैं। आज मैं जहां भी हूं, उसमें उनका बड़ा योगदान है।' रोशनी का मानना है कि भारी दबाव वाले माहौल में मिलने वाली डांट-फटकार कलाकारों में अनुशासन लाती है। सेट पर लगभग 300 लोगों की टीम का प्रेशर होता था और बीमार होने पर भी काम करना पड़ता था। लेकिन वह माहौल खराब नहीं था, बल्कि काम के स्तर को बेहतर बनाए रखने की एक कोशिश थी, जिसने उन्हें इंडस्ट्री में टिके रहने की लगन सिखाई।

जब सेट पर बेहोश हो गए थे बाल कलाकार

शूटिंग के दिनों का एक हैरान कर देने वाला वाकया याद करते हुए रोशनी ने बताया कि उस दौर में बाल कलाकारों पर काम का कितना ज्यादा दबाव होता था। उन्होंने बताया कि एक बार फैजल खान, विशाल जेठवा और जन्नत जुबैर जैसे सभी चाइल्ड आर्टिस्ट्स लगातार 24 घंटे की मैराथन शूटिंग करने के बाद सेट पर ही बेहोश हो गए थे। रोशनी कहती हैं कि आज जब वह मुड़कर उस दौर के बारे में सोचती हैं तो उन्हें वह सब बिल्कुल पागलपन जैसा महसूस होता है।

चाइल्ड आर्टिस्ट से फिल्मों तक का सफर

रोशनी वालिया के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह पिछले साल रिलीज हुई सुपरस्टार अजय देवगन की फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' में एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आई थीं। फिल्मों के अलावा वह 'तारा फ्रॉम सतारा', 'ये वादा रहा', 'बालिका वधू' और 'मैं लक्ष्मी तेरे आंगन की' जैसे कई मशहूर टीवी सीरियल्स का हिस्सा रह चुकी हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने बचपन में 'माय फ्रेंड गणेशा' और 'माय फ्रेंड गणेशा 4' जैसी फिल्मों में भी बतौर बाल कलाकार काम किया था।

ये भी पढ़ें: 'काश पापा सफेद शर्ट और ब्लू सूट में होते', धर्मेंद्र को पद्म विभूषण मिलने पर भावुक हुईं ईशा देऑल, लिखा दिल छू लेने वाला पोस्ट