अगर जुनून सच्चा हो तो कोई भी कमी रास्ते की दीवार नहीं बन सकती और इसी बात को एक बार फिर साबित कर दिया है सोनी टीवी के ‘मास्टरशेफ इंडिया सीजन 9’ के एक कंटेस्टेंट ने। शो के ऑडिशन फेज के दौरान सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं, भावुक भी और प्रेरित भी। यह कहानी सिर्फ खाना बनाने की नहीं, बल्कि हिम्मत, आत्मविश्वास और जिंदगी से हार न मानने के जज्बे की है। इस कंटेस्टेंट का हुनर देख जज भी सलाम ठोकने से खुद को रोक नहीं पाए।
कंटेस्टेंट ने जीता दिल
इस कंटेस्टेंट का नाम है रतना तमांग, जो नेपाल के काठमांडू से मास्टरशेफ के मंच तक पहुंचे हैं। पहली नजर में ही रतना सभी का ध्यान खींच लेते हैं, क्योंकि उनके दोनों हाथ नहीं हैं। लेकिन जो चीज लोगों को चौंका देती है, वह है उनका खाना बनाने का अंदाज। रतना अपने दाहिने हाथ में एक हुक जैसे उपकरण की मदद से सब्जियां काटते हैं, नूडल्स पकाते हैं और प्लेटिंग भी करते हैं, वह भी इतनी सफाई और रफ्तार के साथ कि देखने वाले दंग रह जाते हैं। ऑडिशन के दौरान जैसे ही रतना ने किचन में काम शुरू किया, वहां मौजूद हर शख्स चाहे वो जज हों या कैमरा क्रू कुछ पलों के लिए स्तब्ध रह गया। विकास खन्ना और रणवीर बरार जैसे दिग्गज शेफ्स न सिर्फ उनके हुनर से प्रभावित हुए, बल्कि उनके जज्बे को सलाम करते हुए खड़े होकर तालियां बजाते नजर आए।
कैसे कटे रतना के दोनों हाथ
जब जजों ने रतना से उनकी जिंदगी के बारे में पूछा तो उनकी कहानी सुनकर माहौल और भी भावुक हो गया। रतना ने बताया कि 2015 में एक भयानक हादसे में उन्हें तेज बिजली का झटका लगा, जिसके बाद उनकी जान बचाने के लिए दोनों हाथ काटने पड़े। यह पल उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ था। रतना ने बेहद सादगी से कहा, 'इस हादसे के बाद मेरे पास तीन रास्ते थे या तो मैं अपनी जान ले लूं, या लोगों से भीख मांगूं, या फिर अपने खाना बनाने के शौक को जिंदा रखूं। मैंने तीसरा रास्ता चुना।'
लोग का मिला सपोर्ट
यही फैसला उनकी सबसे बड़ी ताकत बन गया। हार मानने के बजाय रतना ने खुद को नए सिरे से तैयार किया। उन्होंने बिना हाथों के खाना बनाने के तरीके सीखे और अपने कुकिंग वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने लगे, जिन्हें लोगों से भरपूर प्यार मिला। यही समर्थन और आत्मविश्वास उन्हें मास्टरशेफ के मंच तक ले आया। ऑडिशन में रतना ने नूडल्स बनाकर जजों का दिल जीत लिया। स्वाद, टेक्निक और प्रेजेंटेशन तीनों में उन्होंने खुद को साबित किया। नतीजा यह हुआ कि जजों ने उन्हें मास्टरशेफ का एप्रन पहनाया, जो उनके संघर्ष और सपनों की सबसे बड़ी जीत थी।
ये भी पढ़ें: रणवीर सिंह के आगे झुका 'पुष्पा', 'धुरंधर' ने मारी बाजी, कमाई के मामले में तोड़े सारे रिकॉर्ड, बनी No. 1
क्रिस्टियानो रोनाल्डो था इस बॉलीवुड हसीना का दीवाना, खुलेआम कर लिया था किस, किया था जिंदगी भर का ये वादा