जब भी टेलीविजन के इतिहास के सबसे फेमस कृष्ण के किरदारों की चर्चा होती है तो भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाने वाले अभिनेताओं का नाम सबसे ऊपर आता है। छोटे पर्दे पर कई कलाकारों ने इस चरित्र को जीवंत किया है, लेकिन एक चेहरा ऐसा है जिसकी सौम्य मुस्कान और शांत आंखों ने करोड़ों दर्शकों को श्रद्धा से भर दिया। सालों बीत जाने के बाद भी उस अभिनेता की छवि लोगों के जेहन में जिंदा है। हर घर-घर में ये एक्टर पहचाना गया और लोगों को फेवरेट बन गया, इनकी अदाकारी का ऐसा डंका बजा कि लोग आज भी इन्हें सबसे शानदार श्रीकृष्ण बताते हैं। अब ये कहां हैं और कर रहे हैं जानें।
श्रीकृष्ण के रूप में अमर हुई छवि
रामानंद सागर के धारावाहिक 'श्री कृष्णा' में सर्वदमन डी. बनर्जी ने भगवान विष्णु के अवतार की भूमिका निभाई थी। उनकी मीठी बोली और चेहरे के तेज ने दर्शकों पर ऐसा जादू किया कि लोग उन्हें वास्तविक जीवन में भी भगवान का स्वरूप मानकर उनका सम्मान करने लगे। हालांकि उन्होंने अपने करियर में कई अन्य महत्वपूर्ण भूमिकाएं भी निभाईं, लेकिन जो ख्याति और प्यार उन्हें 'श्री कृष्णा' बनकर मिला, वह दोबारा नहीं मिला। आज भी जब लोग उस दौर के पौराणिक धारावाहिकों को याद करते हैं तो सर्वदमन बनर्जी का मुस्कुराता हुआ चेहरा सबसे पहले सामने आता है।
कैसे मिला ये रोल?
इस शानदार भूमिका को स्वीकार करने के पीछे का किस्सा भी किसी चमत्कार से कम नहीं है। बताया जाता है कि शुरुआत में सर्वदमन बनर्जी इस किरदार को निभाने के लिए पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे और उन्होंने सोच-विचार के लिए रामानंद सागर से 10 दिन का समय मांगा था। एक पॉडकास्ट के दौरान खुलासा हुआ कि जब वे असमंजस में थे, तब उन्हें एक ऐसा अनुभव हुआ जिसने उनका जीवन बदल दिया। उन्होंने बताया कि एक दिन जब वे ऑटो में सफर कर रहे थे तो उन्हें समुद्र की लहरों पर साक्षात श्रीकृष्ण के दर्शन हुए। उस दृश्य ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि उन्होंने तुरंत इस धारावाहिक के लिए हामी भर दी।
साउथ सिनेमा में कर रहे काम
वर्तमान समय में सर्वदमन बनर्जी मनोरंजन जगत से पूरी तरह दूर नहीं हुए हैं, बल्कि वे दक्षिण भारतीय सिनेमा और हिंदी फिल्मों में लगातार सक्रिय हैं। हाल के वर्षों में उन्हें दुलकर सलमान की फिल्म 'लकी भास्कर' और मेगास्टार चिरंजीवी के साथ 'गॉडफादर' जैसी फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में देखा गया है। इसके अलावा वे 'संक्रांति की वस्तुनाम' जैसी परियोजनाओं का भी हिस्सा रहे हैं।
फिटनेस का नया दौर
सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात उनकी शारीरिक फिटनेस है। 60 साल की आयु में भी उन्होंने अपनी 'धांसू' बॉडी और फिटनेस से युवाओं को मात दी है। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले बनर्जी ने हाल ही में अपने एब्स फ्लॉन्ट करते हुए तस्वीरें साझा की थीं, जिन्हें देखकर उनके प्रशंसक हैरान रह गए। खुद को फिट रखने के लिए वे जिम में कड़ी मेहनत के साथ-साथ नियमित रूप से योग का अभ्यास भी करते हैं।
ये भी पढ़ें: पल-पल बदलते प्यार के मैट्रिक्स, क्लाइमैक्स तक ट्विस्ट की भरमार, लीड एक्टर की मौत ने बनाया सुपरहिट, तीन सीजन वाली सीरीज की धासूं 8.5 रेटिंग
'उतरन' की मासूम इच्चा-तपस्या याद हैं? TV पर किया था कमाल, अब एक्टिंग छोड़ एक बनी डॉक्टर, दूसरी ने पहना इंसाफ का कोट