1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. पहली शादी टूटने के बाद फिर प्यार में रिमी टॉमी, 18 साल बाद दोबारा बनेंगी दुल्हन, तलाक के 6 साल बाद चुना नया हमसफर

पहली शादी टूटने के बाद फिर प्यार में रिमी टॉमी, 18 साल बाद दोबारा बनेंगी दुल्हन, तलाक के 6 साल बाद चुना नया हमसफर

मलयालम सिंगर और टीवी होस्ट रिमी टॉमी जिंदगी में नई शुरुआत करने जा रही हैं। पहले पति से तलाक के बाद वह फिटनेस ट्रेनर लिबिन मैथ्यू से नवंबर में शादी करेंगी।

libin mathew and rimi tomy- India TV Hindi
Image Source : LIBINMATHEW316/INSTAGRAM रिमी टॉमी और लिबिन मैथ्यू।

मलयालम सिनेमा और म्यूजिक इंडस्ट्री की मशहूर प्लेबैक सिंगर और टीवी होस्ट रिमी टॉमी की जिंदगी में एक बार फिर प्यार ने दस्तक दी है। पहली शादी टूटने के करीब छह साल बाद रिमी दूसरी बार शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। खास बात यह है कि इस खुशखबरी का खुलासा खुद सिंगर ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए व्लॉग के जरिए किया है। पहले वीडियो में उन्होंने अपनी जिंदगी में नए जीवनसाथी के आने की जानकारी दी थी, वहीं अब एक दूसरे वीडियो में उन्होंने अपने होने वाले पति का नाम और उनके बारे में भी बताया है। रिमी के इस ऐलान के बाद उनके फैंस उन्हें नई शुरुआत के लिए बधाइयां दे रहे हैं।

2026 में जिंदगी में हुई नए प्यार की एंट्री

रिमी टॉमी ने अपने व्लॉग में बताया कि वह हमेशा से अकेले घूमना और अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना पसंद करती रही हैं। उनका परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहा, लेकिन उन्हें कहीं न कहीं एक ऐसे साथी की कमी महसूस होती थी, जिसके साथ वह अपनी जिंदगी के सुख-दुख बांट सकें। सिंगर ने बताया कि साल 2026 में उनकी जिंदगी में एक खास शख्स की एंट्री हुई और कुछ ही समय में दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह समझने लगे। रिमी के मुताबिक, उन्हें इस रिश्ते में सबसे ज्यादा सुकून और मानसिक शांति महसूस हुई। उन्होंने इसे भगवान का दिया हुआ तोहफा बताया और कहा कि वह अपनी जिंदगी की नई शुरुआत को लेकर काफी उत्साहित हैं।

कौन हैं रिमी टॉमी के होने वाले पति लिबिन मैथ्यू?

शुरुआत में रिमी ने अपने होने वाले जीवनसाथी की पहचान उजागर नहीं की थी, लेकिन 2 नवंबर को शेयर किए गए एक नए वीडियो में उन्होंने उनके नाम का खुलासा कर दिया। रिमी के होने वाले पति का नाम लिबिन मैथ्यू है, जो मुंबई में रहते हैं और बॉडीबिल्डर के साथ-साथ फिटनेस ट्रेनर भी हैं। लिबिन मूल रूप से मलयाली हैं और पिछले कुछ महीनों से रिमी के फिटनेस कोच के रूप में काम कर रहे हैं। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों इसी नवंबर में डोंबिवली के एक चर्च में शादी करने जा रहे हैं। हालांकि, शादी की सटीक तारीख को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पैसे और शोहरत नहीं, सुकून को दी प्राथमिकता

अपने व्लॉग में रिमी ने यह भी साफ किया कि उनके होने वाले पति न तो अभिनेता हैं, न गायक और न ही कोई मशहूर हस्ती या करोड़पति। उनके लिए जीवनसाथी चुनने का आधार पैसा और लोकप्रियता नहीं, बल्कि आपसी समझ और मानसिक शांति है। सिंगर ने कहा कि किसी रिश्ते में एक-दूसरे को समझना, खुलकर अपनी बातें साझा कर पाना और साथ मिलकर व्यक्तिगत व पेशेवर जिंदगी में आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने बताया कि लिबिन के साथ उन्हें वह अपनापन और सुकून मिला, जिसकी उन्हें तलाश थी। रिमी ने अपने फैंस से इस नए सफर के लिए प्यार और आशीर्वाद देने की अपील भी की है।

11 साल बाद टूट गई थी पहली शादी

रिमी टॉमी की पहली शादी बिजनेसमैन रॉयस किझाकूडन से हुई थी। दोनों ने 27 अप्रैल 2008 को त्रिशूर में शादी की थी। हालांकि शादी के करीब 11 साल बाद उनके रिश्ते में दरार आ गई। साल 2020 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक लेने के लिए एर्नाकुलम फैमिली कोर्ट में याचिका दायर की थी। 16 अप्रैल को तलाक की प्रक्रिया के लिए आवेदन किया गया था। इसके बाद दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए।

2002 में शुरू हुआ था सिंगिंग करियर

रिमी टॉमी ने अपने करियर की शुरुआत म्यूजिक ट्रूप 'एंजेल वॉइस' से की थी। बाद में मिमिक्री आर्टिस्ट और संगीतकार नादिरशाह ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और निर्देशक लाल जोस तथा संगीतकार विद्यासागर से मिलवाया। साल 2002 में फिल्म 'मीसा माधवन' से उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग की दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म का उनका गाना 'चिंगमासम' जबरदस्त हिट हुआ और लंबे समय तक चार्टबस्टर बना रहा। इसके बाद उन्होंने 'चोट्टा मुंबई', 'चॉकलेट', 'मुल्ला', 'बॉडीगार्ड' और 'उदयना थारम' जैसी कई फिल्मों में लोकप्रिय गाने गाए। गायिकी के अलावा रिमी ने टीवी होस्ट के तौर पर भी अपनी अलग पहचान बनाई है। अब वह निजी जिंदगी में एक नई शुरुआत करने जा रही हैं।

ये भी पढ़ें:  कौन थे एक्टर अनुज ठाकुर? 33 साल की उम्र में सोते-सोते हुई मौत, उठाती रह गई मां, अब सामने आई खतरनाक वजह