1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. गोपी बहू को मिला रियल साथिया, दिखाई शादी की तस्वीरें, जानें कौन हैं जिया मानेक के दूल्हे राजा

गोपी बहू को मिला रियल साथिया, दिखाई शादी की तस्वीरें, जानें कौन हैं जिया मानेक के दूल्हे राजा

'साथ निभाना साथिया' एक्ट्रेस जिया मानेक ने शादी कर ली है और इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर भी साझा की हैं। एक्ट्रेस ने पति संग फोटो पोस्ट करके फैंस को खुशखबरी दी है।

gia manek, Saath Nibhaana Saathiya, varun jain- India TV Hindi
Image Source : @GIA_MANEK/INSTAGRAM जिया मानिक और वरुण।

स्टार प्लस के लोकप्रिय टीवी शो ‘साथ निभाना साथिया’ में गोपी बहू के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री जिया मानेक को उनकी लाइफ का असल साथिया मिल गया है। एक्ट्रेस ने हाल ही में अपने साथी अभिनेता वरुण जैन से शादी कर ली है। इस खुशखबरी को जिया ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास कैरोसेल पोस्ट के जरिए अपने फैंस के साथ साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने अपनी शादी की पहली झलकियां भी दीं, जिसमें दोनों को पारंपरिक और खूबसूरत परिधानों में देखा जा सकता है। सादगी भरी तस्वीरों को देख फैंस काफी उत्साहित हो गए हैं और एक्ट्रेस को बधाई दे रहे हैं।

जिया ने किया ये खास पोस्ट

पोस्ट के कैप्शन में जिया ने लिखा, 'ईश्वर और गुरु की कृपा और ढेर सारे प्यार के साथ, हम हमेशा के लिए एक हो गए हैं। हाथ में हाथ डाले, दिल से दिल मिलाते हुए। हम दो दोस्त थे, आज हम पति-पत्नी हैं। अपने सभी प्रियजनों के प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए बहुत आभारी हैं जिन्होंने इस दिन को इतना खास बनाया। श्रीमान और श्रीमती जिया और वरुण के रूप में जीवन भर की हंसी, रोमांच, यादों और साथ के लिए शुभकामनाएं।' इस खास मौके पर जिया मस्टर्ड येलो रंग की खूबसूरत साड़ी में नजर आईं, जो उनके आकर्षक लुक को और भी निखार रही थी।

यहां देखें पोस्ट

लोगों का रिएक्शन

वहीं वरुण जैन भी इसी रंग की पारंपरिक पोशाक में उनके साथ साथ कदम बढ़ाते हुए चार चांद लगा रहे थे। उनके इस पोस्ट को अब तक 15000 से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं और साथ ही उनके प्रशंसकों और कई सेलिब्रिटी दोस्तों ने अपनी शुभकामनाएं और प्यार भी भेजा है। एक फैन ने लिखा, 'गोपी बहू को साथिया मिल गया है।' एक अन्य ने लिखा, 'आखिर इनकी भी शादी हो गई।' एक अन्य शख्स ने लिखा, 'जिया ने कितनी सादगी से शादी की है।'

वरुण जैन कौन हैं?

वरुण जैन एक जाने-माने टेलीविजन अभिनेता हैं, जिन्होंने हिट शो ‘दीया और बाती हम’ में ‘मोहित अरुण राठी’ के किरदार से खूब लोकप्रियता हासिल की। इसके बाद उन्होंने कई अन्य टीवी सीरियल्स जैसे ‘मेरे अंगने में’, ‘पहरेदार पिया की’, ‘जमाई 2.0’ आदि में भी अपनी छाप छोड़ी है। वरुण की एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें इंडस्ट्री में एक विश्वसनीय कलाकार बना दिया है।

जिया मानेक का करियर

जिया मानेक ने अपने अभिनय जीवन में कई सोप ओपेरा और टीवी शोज में काम किया है, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा पहचान ‘साथ निभाना साथिया’ में गोपी बहू के किरदार से मिली। यह शो 2010 में ऑन एयर हुआ था और भारत के सबसे लंबे समय तक चलने वाले धारावाहिकों में से एक बन गया। इसके अलावा, जिया ने फंतासी कॉमेडी शो ‘जीनी और जूजू’ में ‘जीनी’ की भूमिका निभाकर दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाई।