'शक्तिमान' की पुरानी गीता विश्वास याद है, जो अचानक हुई थी गायब? खूबसूरती से जीते दिल, अब पूरी तरह बदला लुक, TV इंडस्ट्री से बनाई दूरी
'शक्तिमान' बच्चों का फेवरेट शो हुआ करता था, इस शो में पत्रकार गिता विश्वास का किरदार नजर आया करता था, जिसे शुरुआत में एक खूबसूरत हसीना ने निभाया था, लेकिन फिर वो शो से अचानक गायब हो गईं। अब वो किस हाल में हैं जानें।

90 के दशक का आइकॉनिक शो 'शक्तिमान' भारतीय टेलीविजन के इतिहास का वह सुनहरा पन्ना है, जिसे चाहकर भी भुलाया नहीं जा सकता। मुकेश खन्ना के इस सुपरहीरो शो ने लगातार आठ वर्षों तक बच्चों और बड़ों का भरपूर मनोरंजन किया। इस शो का हर किरदार दर्शकों के जेहन में आज भी जिंदा है, खासकर शो की लीड फीमेल कैरेक्टर 'गीता विश्वास' का, लेकिन इस किरदार को लेकर दर्शकों के दिमाग में सालों से एक सवाल घूम रहा था कि आखिर शुरुआत की बेहद खूबसूरत और लोकप्रिय गीता विश्वास को अचानक शो से क्यों बदल दिया गया था और अब वो कहां और किस हाल में हैं। चलिए आज आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं।
शुरुआती एपिसोड्स में खूबसूरती से जीता था फैंस का दिल
आपको याद होगा कि 'शक्तिमान' के शुरुआती कुछ एपिसोड्स में मशहूर अभिनेत्री किटू गिडवानी ने पत्रकार गीता विश्वास की भूमिका निभाई थी। अपनी तीखी नैन-नक्श, गजब के स्क्रीन प्रेजेंस और बेहतरीन अदाकारी के दम पर उन्होंने बेहद कम समय में ही दर्शकों को अपना दीवाना बना लिया था। हालांकि कुछ ही समय बाद उनकी जगह अभिनेत्री वैष्णवी महंत ने ले ली और शो के अंत तक वही गीता विश्वास के रूप में नजर आईं। किटू गिडवानी ने अपनी सादगी और खूबसूरती से उस दौर के हर बच्चे के दिल में जगह बना ली थी, लेकिन उनका अचानक शो छोड़ना हर किसी के लिए एक पहेली बन गया था।
अब पूरी तरह बदल गया है लुक
सालों बाद आज किटू गिडवानी का लुक पूरी तरह बदल चुका है। बढ़ती उम्र के साथ उनके अंदाज में बदलाव आया है, लेकिन उनकी ग्रेस आज भी बरकरार है। करियर की बात करें तो उन्होंने साल 1985 में आए टीवी सीरियल 'तृष्णा' से अपनी बड़ी पहचान बनाई थी, जिसे उनकी जिंदगी का पहला मुख्य टीवी रोल माना जाता है। इसके बाद उन्होंने प्रियंका चोपड़ा की 'फैशन', किरण राव की 'धोबी घाट', 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' और 'ओके जानू' जैसी बड़ी बॉलीवुड फिल्मों में अपनी वर्सेटिलिटी साबित की।
टीवी इंडस्ट्री से बना ली दूरी
हाल के वर्षों में किटू ने ग्लैमर वर्ल्ड और टीवी की चकाचौंध से काफी दूरी बना ली है। अब वह बेहद सोच-समझकर और गहराई वाले किरदारों को ही चुनती हैं। टीवी पर उन्होंने साल 2023 में 'हम रहें न रहें हम' के जरिए लगभग दो दशकों के बाद वापसी की थी और उन्हें आखिरी बार साल 2025 में आई फिल्म 'मैडम ड्राइवर' में देखा गया था। एक इंटरव्यू में उन्होंने आज के दौर के महिला किरदारों पर चिंता जताते हुए कहा कि अब टीवी पर 'रजनी', 'शांति' या 'स्वाभिमान' (जिसमें उन्होंने स्वेतलाना का रोल किया था) जैसी मजबूत और धुरी बनने वाली महिलाएं देखने को नहीं मिलतीं।
फैसले पर आज भी है पछतावा
एक हालिया इंटरव्यू में किटू गिडवानी ने आखिरकार 'शक्तिमान' छोड़ने की असली वजह का खुलासा किया और माना कि आज भी उन्हें अपने इस फैसले पर मलाल होता है। उन्होंने बताया, 'उन दिनों मेकर्स के पास अजीबोगरीब आइडियाज होते थे और हमें बेहद डरावनी लोकेशन्स पर भी शूटिंग करनी पड़ती थी। जब आप युवा होते हैं, तो आपके बहुत से सपने होते हैं। मुझे उस वक्त लगा कि यह शो शायद मेरे लिए नहीं बना है और मुझे कुछ ऐसा करना चाहिए जहां मैं खुद पूरी तरह लीड रोल में रहूं। हालांकि मुझे शो में कॉमेडी सीन्स करना पसंद था, लेकिन मैंने आगे बढ़ने का फैसला किया। आज मुझे अपनी उस गलती पर पछतावा होता है, काश मैंने कम से कम 100 एपिसोड्स किए होते।'
मुकेश खन्ना ने खोला राज
इस पूरे मामले पर अब खुद 'शक्तिमान' यानी मुकेश खन्ना ने अपने यूट्यूब चैनल 'भीष्म इंटरनेशनल' पर 20 साल पुराना राज खोला है। मुकेश खन्ना ने बताया, 'फैंस हमेशा मुझसे पूछते थे कि किटू गिडवानी को क्यों बदला गया? असल में यह पूरी तरह से एक प्रोफेशनल फैसला था। किटू बहुत अच्छा काम कर रही थीं, लेकिन एक दिन उन्होंने डायरेक्टर से कह दिया कि यह भागदौड़ उनके बस की बात नहीं है। चूंकि यह एक सुपरहीरो शो था, इसलिए इसमें एक्शन और भागदौड़ होना लाजिमी था। साथ ही उस दौरान किटू के पास कुछ फ्रेंच फिल्मों के ऑफर्स भी थे।'
क्यों अचानक बदली गई थीं किटू?
मुकेश खन्ना ने एक खास घटना का जिक्र करते हुए बताया, 'एक बार हम फैंटसीलैंड में स्टोनमैन वाले एपिसोड के गाने 'रुकचिक' की शूटिंग कर रहे थे। तीन दिन की इस शूटिंग के लिए हमने पूरा वेन्यू बुक किया था। किटू दो दिन तो आईं और उन्होंने डांस भी किया, लेकिन तीसरे दिन वह बिना बताए सेट पर नहीं पहुंचीं। भारी नुकसान से बचने के लिए मैंने तुरंत फैसला लिया और डायरेक्टर से कहकर उन्हें रिप्लेस कर दिया। इसके बाद हमें वैष्णवी मिलीं, जिन्हें दर्शकों ने गीता विश्वास के रूप में पूरा प्यार और स्वीकार्यता दी।
ये भी पढ़ें: 'महाभारत' के छोटे कान्हा और बलराम याद हैं? 38 साल बाद पूरी तरह बदले क्यूट एक्टर, खुद पलटी जिंदगी की दिशा