आज के तौर में टेलीकॉम सर्विस एक मौलिक जरूरत बन गई है। हमें किसी भी कम्युनिकेशन के लिए मोबाइल नंबर की जरूरत होती है। कई बार ऐसा देखा जाता है कि आपने किसी ऑपरेटर का सिम कार्ड खरीदा है और उसकी सर्विस उतनी अच्छी नहीं है। आपके घर के पास अच्छा नेटवर्क रहता है लेकिन ऑफिस में नेटवर्क नहीं रहता है। वहां किसी और ऑपरेटर का नेटवर्क सही से काम करता है। ऐसे में आपको सिम लेने से पहले यह पता होना चाहिए कि आप जहां सबसे ज्यादा समय रहते हैं वहां किस ऑपरेटर की सर्विस क्वालिटी बेहतर है?
यूजर्स की इस परेशानी को समझते हुए TRAI यानी टेलीकॉम रेगुलेटरी ऑथिरिटी ऑफ इंडिया ने हाल ही में 'Network Anubhav' पोर्टल लॉन्च किया है, जहां आप सभी टेलीकॉम और इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स (ISP) की सर्विस के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही, आप एक यूजर के तौर पर सर्विस प्रोवाइडर की सर्विस को रेट भी कर सकते हैं। इससे नया सिम या ब्रॉडबैंड कनेक्शन लेने वाले यूजर उस ऑपरेटर को चुन सकते हैं, जिसकी सर्विस क्वालिटी सबसे उम्दा है।
कैसे काम करता है Network Anubhav?
TRAI का यह प्लेटफॉर्म जहां मोबाइल सर्विस से जुड़ी कई सर्विस मिलती है। इस प्लेटफॉर्म पर एक जियोस्पेशियल मैप है, जहां से आप अपने लोकेशन या एरिया में टेलीकॉम सर्विस की क्वालिटी को चेक कर सकते हैं। ट्राई के इस प्लेटफॉर्म पर फिक्स्ड ब्रॉडबैंड और सेलुलर सर्विस क्वालिटी के बारे में पता चलता है। यहां दिखाए जाने वाला डेटा यूजर्स के टेस्ट और ऑब्जर्वेशन पर बेस्ड होता है, जिसकी वजह से टेलीकॉम ऑपरेटर आपको गुमराह नहीं कर सकते हैं।
Image Source : TRAIट्राई नेटवर्क अनुभव
दूरसंचार नियामक ने अपने इस प्लेटफॉर्म के बारे में साफ किया है कि यह पूरी तरह से यूजर द्वारा टेस्ट किए गए वैल्यूज पर बेस्ड है। अलग-अलग लोकेशन पर यूजर्स अपना वैल्यू यहां दर्ज कर सकते हैं। इस तरह से दूसरे यूजर को हर ऑपरेटर की नेटवर्क सर्विस क्वालिटी के बारे में पता चलता है।
My Call ऐप
TRAI के इस प्लेटफॉर्म पर My Call ऐप भी जुड़ा है, जिसके तहत यूजर्स को नेटवर्क सर्विस प्रोवाइडर्स की कॉल क्वालिटी के बारे में पता चलता है। यहां आपको आपकी लोकेशन पर किस ऑपरेटर की कॉल क्वालिटी कैसी है उसका पता लगेगा। यहां 5G, 4G, 3G और 2G नेटवर्क पर कॉल क्वालिटी का अनुभव पता चलता है। इस ऐप पर आप एक यूजर के तौर पर अपना एक्सपीरियंस भी शेयर कर सकते हैं। ट्राई यूजर द्वारा शेयर किए गए एक्सपीरियंस का डेटा टेलीकॉम सर्विस की ओवरऑल क्वालिटी को मॉनिटर करने के लिए भी इस्तेमाल कर सकती है।
Image Source : TRAIट्राई नेटवर्क अनुभव
My Speed ऐप
इस टूल के जरिए यूजर्स अपने एरिया में ऑपरेटर की इंटरनेट सर्विस का स्पीड पता लगा सकते हैं। ऐप को आप अपने स्मार्टफोन में डाउनलोड करके ऑपरेटर द्वारा प्रदान की जाने वाली सर्विस की इंटरनेट स्पीड को रिकॉर्ड करके रिपोर्ट कर सकते हैं। ऐसे में दूसरे यूजर को हर टेलीकॉम ऑपरेटर की इंटरनेट स्पीड (डाउनलोड और अपलोड) के बारे में जानकारी मिलती है। इसे गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।
Image Source : TRAIट्राई नेटवर्क अनुभव
DND ऐप
TRAI ने हाल ही में DND का नया ऐप लॉन्च किया है, जिसमें यूजर्स अपने डू-नॉट डिस्टर्ब प्रिफरेंस को मैनेज कर सकते हैं। इस ऐप को भी आप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। यही नहीं, इस ऐप का इस्तेमाल अनचाहे कमर्शियल कम्युनिकेशन की शिकायत के लिए भी कर सकते हैं। साथ ही, अपनी शिकायत का स्टेटस भी यहां से चेक किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें - 10 साल पुराना PHP बग बना वेबसाइट्स के लिए बड़ा खतरा, AI ने खोली साइबर सिक्योरिटी की पोल