A
  1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: बिहार में बीजेपी नेता को पहनाई गई साड़ी, क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई?

Fact Check: बिहार में बीजेपी नेता को पहनाई गई साड़ी, क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई?

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि बीजेपी के एक नेता से नाराज लोगों ने उन्हें साड़ी पहना दी।

फैक्ट चेक- India TV Hindi
Image Source : SCREENSHOT फैक्ट चेक

Fact Check: बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसके मद्देनजर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। इस बीच, सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो भी गलत दावे के साथ वायरल हो रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि बीजेपी के एक नेता से नाराज लोगों ने उन्हें साड़ी पहना दी।

वायरल वीडियो में क्या है?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस पोस्ट में देखा जा सकता है कि सरेआम कुछ लोग एक शख्स को जबरन साड़ी पहनाते दिख रहे हैं। वीडियो के साथ लिखा है, "बिहार से शुरुआत हो गया है। भाजपा नेता को पहनाया गया साड़ी। बस अब पूरे भारत भर में देखना बाकी है।"

Image Source : SCREENSHOTसोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट का स्क्रीनशॉट।

फैक्ट चेक

सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में किए जा रहे दावे की हमने जांच करने का फैसला किया। पड़ताल में यह वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि मुंबई से सटे डोम्बिवली का है, जहां एक कांग्रेस नेता को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने साड़ी पहना दी थी।

Image Source : SCREENSHOTनवभारत टाइम्स में छपी खबर
 

वायरल वीडियो के दावे की सच्चाई

India TV की ओर से किए गए फैक्ट चेक में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो के बारे में सर्च करने पर हमें इस घटना से संबंधित हाल की कई खबरें मिलीं। नवभारत टाइम्स की 26 सितंबर, 2025 की खबर में बताया गया है कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति डोम्बिवली से वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश उर्फ मामा पगारे हैं। खबर के मुताबिक, 73 साल के पगारे ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक आपत्तिजनक फर्जी तस्वीर शेयर की थी। 

प्रकाश उर्फ मामा पगारे ने जो फोटो शेयर की थी उसमें पीएम मोदी को साड़ी पहने हुए दिखाया गया था। इससे बीजेपी के लोग भड़क गए। बीजेपी की कल्याण यूनिट ने पगारे को घेर लिया और जबरन साड़ी पहना दी। ये घटना तब हुई थी जब वो एक अस्पताल से बाहर निकल रहे थे।