A
  1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: बिहार चुनाव से पहले बीजेपी विधायक पर हमले का वीडियो हो रहा है वायरल, जानें क्या है सच्चाई

Fact Check: बिहार चुनाव से पहले बीजेपी विधायक पर हमले का वीडियो हो रहा है वायरल, जानें क्या है सच्चाई

इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गुस्साए लोगों की भीड़ एक चलती गाड़ी पर हमला करते हुए जूते-चप्पल और पत्थर मारते हुए दिखाई दे रही है।

फैक्ट चेक- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV फैक्ट चेक

Fact Check: बिहार में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने वाला है। इसके मद्देनजर बिहार से जोड़कर कई वीडियो सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ शेयर किए जा रहे हैं। इन्हीं फेक न्यूज से सावधान करने के लिए आपके लिए हम India TV फैक्ट चेक लेकर आते हैं। दरअसल, इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गुस्साए लोगों की भीड़ एक चलती गाड़ी पर हमला करते हुए जूते-चप्पल और पत्थर मारते हुए दिखाई दे रही है। सुरक्षाकर्मी किसी तरह गाड़ी को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहा है।

वायरल वीडियो में क्या है?

वीडियो को पोस्ट करने वाले कई सोशल मीडिया यूजर्स यह दावा कर रहे हैं कि यह हालिया घटना बिहार की है, जहां बीजेपी विधायक को जनता के गुस्से का सामना करना पड़ा। कैप्शन में लिखा गया है, "भाजपा के विधायक का स्वागत करते हुए बिहार में। बीजेपी सरकार के विरुद्ध देश में क्रांति होने वाली है।"

Image Source : SCREENSHOTसोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट का स्क्रीनशॉट

फैक्ट चेक में क्या निकला?

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने दावे की जांच करने का फैसला किया, जिसमें पाया गया कि यह वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले का है। इसे आगामी बिहार चुनाव से जोड़कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर यह फुटेज 'RNF News' नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला, जिसे 9 अक्टूबर को अपलोड किया गया था। वीडियो के कैप्शन में इसे जलपाईगुड़ी के नागराकाटा इलाके में 6 अक्टूबर को बीजेपी नेताओं पर हुए हमले का बताया गया था।

Image Source : SCREENSHOT‘RNF News’ के यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो का स्क्रीनशॉट।

6 अक्टूबर को हुए हमले से जुड़ी रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तरी बंगाल के दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी इलाके में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की त्रासदी आई थी। इसी दौरान बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष स्थिति का जायजा लेने और राहत कार्यों के लिए उस क्षेत्र में पहुंचे थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया।