1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: यमुना में आई बाढ़ से बचकर दिल्ली छोड़ भाग रहे लोग? जानें क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई

Fact Check: यमुना में आई बाढ़ से बचकर दिल्ली छोड़ भाग रहे लोग? जानें क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यमुना आई बाढ़ की वजह से दिल्ली के लोग भाग रहे हैं। आइये जानते हैं वायरल हो रही इस पोस्ट के दावे की पूरी सच्चाई क्या है?

फैक्ट चेक- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV फैक्ट चेक

Fact Check: सोशल मीडिया के दौर में आये दिन कई वीडियो और फोटो गलत दावे के साथ शेयर किए जाते हैं। इस तरह के ट्रेंड बहुत खतरनाक हैं। ऐसी फेक खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती हैं। इन्हीं फेक न्यूज से आपको सावधान करने के लिए हम India TV फैक्ट चेक लेकर आते हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे दिल्ली का वीडियो होने का दावा किया जा रहा है और कहा जा रहा है कि यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर से आई बाढ़ के कारण दिल्ली के लोग भाग रहे हैं।

क्या हो रहा है वायरल?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि किसी मल्टी-लेन सड़क से बड़ी तादाद में लोग भाग रहे हैं। वीडियो में बताया जा रहा है कि यमुना में आई बाढ़ की वजह से दिल्ली के लोग भाग रहे हैं। इसके अलावा, वीडियो में कुछ और क्लिप भी दिखाया गया है, जिसमें पानी के तेज बहाव को दिखाया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में गाड़ियां भी बह रही हैं।

Image Source : SCREENSHOTवायरल हो रही पोस्ट का स्क्रीनशॉट

फैक्ट चेक

ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थी, इसलिए हमने इस दावे की सच्चाई की जांच की। वीडियो की सच्चाई जानने के लिए गूगल लैंस से सर्च करने पर हमें एक Uzalendo News नाम से यूट्यूब चैनल मिला। यहां इसे दो महीने पहले शेयर किया गया था। जबकि दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, यह हाल के दिनों की खबर है। इससे इस बात की पुष्टि होती है कि इस वीडियो और बाढ़ की क्लिप्स का दिल्ली से कोई लेना-देना नहीं है।

Image Source : SCREENSHOTयूट्यूब चैनल Uzalendo News के वीडियो का स्क्रीनशॉट

फैक्ट चेक में क्या निकला?

India TV की ओर से किए गए फैक्ट चेक में सामने आया है कि वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ पेश किया जा रहा है। वायरल ये वीडियो केन्या का है। उस वक्त केन्या में बड़े स्तर पर सरकार विरोधी प्रदर्शन हुए थे। इसमें बड़ी तादाद में केन्या के युवा शामिल हुए थे, इसलिए इसे Gen Z  प्रोटेस्ट नाम दिया गया था।