A
  1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: क्या जॉर्जिया मेलोनी को अल्बानिया के PM ने प्रपोज किया? जानें वायरल तस्वीर का पूरा सच

Fact Check: क्या जॉर्जिया मेलोनी को अल्बानिया के PM ने प्रपोज किया? जानें वायरल तस्वीर का पूरा सच

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही है। इस पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि अल्बानिया के पीएम एडी रामा ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को प्रपोज किया है। आइये जानते हैं वायरल हो रही इस पोस्ट के दावे का का पूरा सच क्या है?

फैक्ट चेक।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV फैक्ट चेक।

Fact Check: इन दिनों सोशल मीडिया पर किसी भी बात को गलत दावे के साथ पेश करना बहुत ही आसान है। हालांकि इसका बहुत ज्यादा नुकसान भी होता है और ये खतरनाक है। फेक खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती हैं। इन्हीं फेक न्यूज से आपको सावधान करने के लिए हम लेकर आते हैं India TV फैक्ट चेक। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि अल्बानिया के पीएम एडी रामा ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को प्रपोज किया है। ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

क्या हो रहा है वायरल?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट में यह दावा किया जा रहा है कि अल्बानिया के पीएम एडी रामा ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को प्रपोज किया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर एक यूजर ने एक तस्वीर भी शेयर की है। इस तस्वीर में एडी रामा को जॉर्जिया मेलोनी के सामने घुटने पर बैठे हुए दिखाया गया। इसके अलावा उनके हाथ में एक रिंग केस भी है। इस पोस्ट में तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा है, "ब्रेकिंग न्यूज: अंतरराष्ट्रीय मीडिया में ये तस्वीर सामने आने के बाद एक 75 साल के दाढ़ी वाले शख्स को बदहवास हालत में, दिल्ली‌ के मजनूं का टीला‌ इलाके में 'तुम्हें कोई और देखे तो जलता है दिल' गाना गाते हुए देखा गया।"

Image Source : Social mediaवायरल हो रही पोस्ट का स्क्रीनशॉट।

फैक्ट चेक

चूंकि सोशल मीडिया पर यह पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही थी, इसलिए हमने दावे की जांच करने का फैसला किया। दावे की सत्यता जानने के लिए हमने रिवर्स इमेज सर्च किया। इससे जुड़ी कई वीडियो हमें मिलीं, जिसमें अल्बानिया के पीएम, जॉर्जिया मेलोनी का अभिवादन करते नजर आ रहे थे। एनडीटीवी इंडिया ने भी इससे जुड़ी एक न्यूज को प्रकाशित किया है। इसका शीर्षक "इटली की PM जॉर्जिया मलोनी के लिए घुटनों पर बैठे अल्बानिया के प्रधानमंत्री, कुछ ऐसा था अंदाज VIDEO हो गया वायरल" था। ये वीडियो अल्बानिया की राजधानी टिराना का बताया जा रहा है, जहां यूरोपियन पॉलिटिकल कम्यूनिटी समिट का आयोजन किया गया है। इसी समिट में शामिल होने के लिए इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मलोनी भी पहुंची थीं, जहां अल्बानिया के पीएम ने उनका स्वागत किया था।

हालांकि पूरी जांच के दौरान हमें किसी भी वीडियो में एडी रामा, जॉर्जिया मेलोनी को प्रपोज करते हुए नजर नहीं आए। वहीं वायरल तस्वीर की प्रमाणिकता की जांच करने के लिए हमने इसे ध्यान से देखा और पाया कि यह तस्वीर वास्तविक होने की बजाए सिंथेटिक नजर आ रही है। हमने एआई क्रिएटेड तस्वीर को जांच करने वाले उपलब्ध टूल की मदद से इसे चेक किया। इस तस्वीर की जांच करने पर यह पता चला कि इसे एआई के माध्यम से एडिट करके बनाया गया है। डीपफेक-ओ-मीटर पर इसकी जांच करने पर इसके 100 फीसदी एआई क्रिएटेड होने की पुष्टि हो गई।

Image Source : screenshotएआई से बनाई गई तस्वीर की पुष्टि।

फैक्ट चेक में क्या निकला?

India TV की ओर से किए गए फैक्ट चेक में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा गलत है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट को अल्बानिया के पीएम और इटली की पीएम से जोड़कर वायरल किया जा रहा था। हालांकि फैक्ट चेक में ये दावा गलत निकला। सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ इस पोस्ट को वायरल किया जा रहा था, इसलिए लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। India TV के फैक्ट चेक में वायरल हो रही इस पोस्ट का दावा झूठा निकला।