Fact Check: इन दिनों सोशल मीडिया पर किसी भी बात को गलत दावे के साथ पेश करना बहुत ही आसान है। हालांकि इसका बहुत ज्यादा नुकसान भी होता है और ये खतरनाक है। फेक खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती हैं। इन्हीं फेक न्यूज से आपको सावधान करने के लिए हम लेकर आते हैं India TV फैक्ट चेक। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि 'कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ओडिशा की जगन्नाथ रथयात्रा को नाटक' बताया है।
क्या हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट में यह दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी ने ओडिशा की जगन्नाथ रथयात्रा को नाटक बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर एक यूजर ने एक पोस्ट के जरिए यह दावा किया है। यूजर ने अपनी पोस्ट में लिखा, "ओडिशा की धरती पर खड़े राहुल गांधी ने भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को बताया "नाटक"! कांग्रेस ने आखिर वोट बैंक के लिए महाप्रभु का अपमान किया है, कांग्रेस ने ओडिशा के अनगिनत भक्तों और लोगों की भावनाओं को आहत किया है।"
Image Source : fb/mani.mohanty.549सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट।
फैक्ट चेक
चूंकि सोशल मीडिया पर यह पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही थी, इसलिए हमने दावे की जांच करने का फैसला किया। वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने राहुल गांधी के इस भाषण का मूल वीडियो खोजना शुरू किया। इसके लिए हमने गूगल पर एक कस्टमाइज़्ड कीवर्ड सर्च किया। इस सर्च के ज़रिए हमें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का आधिकारिक यूट्यूब चैनल मिला, जहां 11 जुलाई को पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया था। वीडियो का शीर्षक था: "लाइव: श्री मल्लिकार्जुन खड़गे और श्री राहुल गांधी| संविधान बचाओ समावेश| भुवनेश्वर, ओडिशा।"
Image Source : yt/Indian National Congressकांग्रेस पार्टी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो का स्क्रीनशॉट।
पूरे वीडियो को देखने पर हमें वह भाषण भी मिला, जिसमें राहुल गांधी ने रथयात्रा का ज़िक्र किया था। वीडियो में 26.16 मिनट पर राहुल गांधी कहते हैं, "जब ओडिशा में जगन्नाथ यात्रा निकलती है, जरा सोचिए, एक रथ निकलता है, जगन्नाथ यात्रा का एक रथ निकलता है, लाखों लोग उसे देखते हैं और उसके पीछे चलते हैं, और फिर एक नाटक होता है, एक नाटक होता है। अडानी जी और उनके परिवार के लिए रथ रोका जाता है। आप ओडिशा सरकार के बारे में सब कुछ समझ सकते हैं। यह आपकी सरकार नहीं है, यह ओडिशा की सरकार नहीं है। यह अडानी और पांच-छह ऐसे ही उद्योगपतियों की सरकार है।"
फैक्ट चेक में क्या निकला?
India TV की ओर से किए गए फैक्ट चेक में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा गलत है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट को राहुल गांधी के बयान से जोड़कर वायरल किया जा रहा था। हालांकि फैक्ट चेक में ये दावा गलत निकला। राहुल गांधी ने नाटक वाला बयान अडानी को लेकर दिया था। सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ इस पोस्ट को वायरल किया जा रहा था, इसलिए लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। India TV के फैक्ट चेक में वायरल हो रही इस पोस्ट का दावा झूठा निकला।