हाल ही में महाकुंभ जाने वाले यात्रियों को लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना हुई, जिसे लेकर कई वीडियो सामने आए। इनमें कुछ सच थे जबकि कुछ झूठ। ऐसे ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा, जिसमें दावा किया गया कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने नई दिल्ली के भगदड़ में पीड़ितों से मुलाकात की है, जो कि हमारी पड़ताल में गलत पाया गया।
क्या किया गया दावा?Image Source : xINDIA TV Fact Check
सोशल मीडिया एक्स पर एक यूजर ने दावा किया कि राहुल गांधी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ के पीड़ितों से मुलाकात की है। यूजर ने लिखा, "मीडिया चाहे उन्हें कैसे भी चित्रित करे, बीजेपी आईटी सेल उनके बारे में चाहे जो भी कहे। राहुल गांधी को नई दिल्ली भगदड़ पर बीजेपी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करना चाहिए। बेशर्म रील मंत्री अश्विनी वैष्णव को जल्द से जल्द इस्तीफा दे देना चाहिए"
क्या मिला पड़ताल में?
इंडिया टीवी की फैक्टचेक टीम ने इस दावे की तह तक जाने की ठानी और हमने इस दावे को लेकर गूगल पर सर्च किया तो हमें ताजा खबरें कोई नहीं मिली, बल्कि कुछ पुराने आर्टिकल मिले, जो यह बताते हैं कि यह खबर पुरानी है। साथ ही हमने वीडियो भी ढूंढने की ठानी जब हमने इस गूगल में रिवर्स इमेज करके खोजा तो हमें मिला कि खबर अगस्त 2024 की है जब केरल में भयंकर लैंडस्लाइड की घटना घटी थी, इसका हमें एक वीडियो भी मिला। जिससे साफ हो गया कि यह दावा सही नहीं है।
क्या निकला निष्कर्ष?
इंडिया टीवी की फैक्ट चेक में सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा कि राहुल गांधी ने दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ के पीड़ितों से मुलाकात की है, पूरी तरह गलत (False) पाया गया।