A
  1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: क्या पाकिस्तान ने भारत पर किया मिसाइल हमला, फर्जी दावे के साथ शेयर किया जा रहा वीडियो

Fact Check: क्या पाकिस्तान ने भारत पर किया मिसाइल हमला, फर्जी दावे के साथ शेयर किया जा रहा वीडियो

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता ही जा रही है। इस बीच पाकिस्तान की सेना और सरकार द्वारा सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों को शेयर किया जा रहा है। ऐसे में एक वीडियो शेयर कर कहा गया है कि पाकिस्तान ने भारत पर मिसाइल हमला किया है, जिसमें भारत को नुकसान हुआ है। लेकिन यह दावा पूरी तरह फर्जी है।

Fact Check Did Pakistan launch a missile attack on India Video being shared with fake claim- India TV Hindi
Image Source : PIB फैक्ट चेक

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। 8 मई को पाकिस्तान की सेना ने भारतीय सीमा क्षेत्र पर मिसाइल से हमला किया। इन सभी मिसाइलों को भारतीय सेना ने तबाह कर दिया। वहीं भारतीय सेना ने पाकिस्तान के तीन लड़ाकू विमानों को भी मार गिराया है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक धमाका होता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके बाद आसपास की बिल्डिंग्स बर्बाद होती दिख रही है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, "बड़ा अपडेट: पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की और अभी एक मिसाइल हमला किया।"

गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा वीडियो

प्रेस इनफॉर्मेशन ब्यूरों यानी पीआईबी ने जब इस दावे की पड़ताल की तो पता चला कि सोशल मीडिया पर इस वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। दरअसल यह वीडियो पुराना है जिसे सोशल मीडिया पर फर्जी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। जिसमें कहा गया, "पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई में भारत पर मिसाइल हमला किया है।" बता दें कि सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा ये वीडियो साल 2020 का है, जब लेबनान के बेरूत शहर में विस्फोटक धमाका हुआ था। दरअसल भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच पाकिस्तान की सेना और सरकार द्वारा फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं। 

आधिकारिक बयान पर ही करें भरोसा

इस धमाके का असली फुटेज भी हमारे पास मौजूद है। स्क्रिप्स न्यूज ने इस वीडियो को दो अलग-अलग हिस्सों में दिखाकर बताया है कि कैसे एक वीडियो सही है और दूसरे वीडियो को फर्जी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। ऐसे में किसी भी फर्जी खबर पर भरोसा करने से पहले 10 बार सोचें। केवल आधिकारिक बयानों और सरकार या सेना द्वारा साझा की जा रही जानकारियों को ही असली मानें। क्योंकि पाकिस्तान में हुए ड्रोन अटैक के बाद से ही पाकिस्तान द्वारा प्रोपोगेंडा चलाया जा रहा है और फेक न्यूज फैलाया जा रहा है। ऐसे में केवल आधिकारिक बयान पर भी यकीन करें।