1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: क्या RBI ने बैंकों से सितंबर 2025 तक ATM से 500 रुपये के नोट निकालना बंद करने को कहा है? जानें सच

Fact Check: क्या RBI ने बैंकों से सितंबर 2025 तक ATM से 500 रुपये के नोट निकालना बंद करने को कहा है? जानें सच

व्हाट्सएप पर वायरल एक मैसेज में दावा किया जा रहा है कि RBI ने सभी बैंकों को 30 सितंबर 2025 तक ATM से 500 रुपये के नोट निकालना बंद करने को कहा है। आइए इस खबर के जरिए सच्चाई से अवगत होते हैं।

फैक्ट चेक- India TV Hindi
Image Source : @PIBFACTCHECK फैक्ट चेक

सोशल मीडिया पर आए दिन कोई न कोई वीडियो या फोटो वायरल होती रहती हैं। इनमें से कई का तो सच्चाई से दूर-दर तक नाता नहीं होता। या यूं कहें कि पोस्ट और वीडियो को गलत या भ्रामक दावे से वायरल किया जाता है। ऐसे ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर एक मैसेज बहुत तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया गया है कि RBI ने बैंकों से सितंबर 2025 तक ATM से 500 रुपये के नोट निकालना बंद करने को कहा है। जब इस दावे की जांच की गई तो सच्चाई कुछ और ही सामने आई। 

क्या हो रहा वायरल?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर एक मैसेज आग की तरह वायरल है। वायरल मैसेज में कहा गया है कि RBI ने बैंकों से सितंबर 2025 तक ATM से 500 रुपये के नोट निकालना बंद करने को कहा है। वायरल मैसेज में आगे लिखा है, "लक्ष्य है कि सभी बैंकों के ATM का 75% और फिर 31 मार्च 2026 तक 90% ATM बंद कर दिया जाए। आगे चलकर ATM से केवल 200 और 100 रुपये के नोट ही निकलेंगे। इसलिए अभी से अपने पास मौजूद 500 रुपये के नोटों को बंद करना शुरू कर दें।"

फैक्ट चेक में क्या निकला? 

सोशल मीडिया व्हाट्सएप पर वायरल इस दावे को लेकर प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो यानी PIB ने फैक्ट चेक किया। PIB द्वारा किए गए फैक्ट चेक में यह जानकारी सामने आई कि यह फर्जी है, WhatsApp पर एक झूठा दावा करते हुए एक मैसेज वायरल हो रहा है। पीआइबी फैक्ट चेक में पाया गया कि RBI द्वारा ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है, 500 रुपये के नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे। , ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि वे सभी झूठी और भ्रामक जानकारी से सावधान रहे और ऐसी गलत सूचनाओं पर ध्यान न दें। किसी भी खबर पर विश्वास करने या उसे शेयर करने से पहले हमेशा आधिकारिक स्रोतों से उसकी पुष्टि अवश्य कर लें।