A
  1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: ट्रक ड्राइवर हादसे का वीडियो भारत का नहीं, यूजर्स भ्रामक दावे के साथ कर रहे शेयर

Fact Check: ट्रक ड्राइवर हादसे का वीडियो भारत का नहीं, यूजर्स भ्रामक दावे के साथ कर रहे शेयर

सोशल मीडिया पर वायरल ट्रक हादसे का वीडियो भारत का नहीं बल्कि कनाडा का 2022 का वीडियो है। इसमें ड्राइवर की लापरवाही से दो बच्चों की मौत हुई थी। फैक्ट चेक में यह दावा फर्जी पाया गया कि यह हादसा भारत में हुआ था।

PTI फैक्ट चेक।- India TV Hindi
Image Source : PTI PTI फैक्ट चेक।

Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक ट्रक ड्राइवर गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता दिखाई देता है। वीडियो में आगे दिखता है कि ड्राइवर का फोकस फोन पर रहने की वजह से ट्रक की टक्कर एक कार से हो जाती है। यूजर्स इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि यह हादसा भारत में हुआ। हालांकि, फैक्ट चेक की जांच में यह दावा भ्रामक पाया गया। पड़ताल में पता चला कि यह वीडियो 2022 का है और कनाडा का है, जिसे गलत तरीके से भारत का बताकर शेयर किया जा रहा है।

दावा:

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक यूजर ने 19-8-2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, 'ऐसा सिर्फ हमारे भारत में ही हो सकता है। ट्रक ड्राइवर तेज गाड़ी चलाते हुए फोन में लगा है और स्लो ट्रैफिक की वजह से धीरे चल रही गाड़ी में टक्कर मारकर बूढ़े दादा-दादी और बच्चों को जान से मार देता है इसको क्या सजा मिलनी चाहिए?' पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और नीचे देखें स्क्रीनशॉट।

Image Source : PTIPTI फैक्ट चेक।

पड़ताल:

वायरल वीडियो के एक की-फ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च की मदद से जांचा। इस दौरान 26 अगस्त 2024 का एक फेसबुक पोस्ट मिला, जिसमें वही वीडियो मौजूद था। साथ ही कैप्शन लिखा हुआ था, 18 अप्रैल 2022 को एक दर्दनाक हादसे का वीडियो सामने आया, जिसमें फोन में व्यस्त महकदीप सिंह ने कनाडा में एक परिवार की SUV को टक्कर मार दी। इस हादसे में जीन-फिलिप गिरू (Jean-Philippe Giroux) के दो बच्चों 7 साल के एमेरिक (Emerik) और 3 साल की माएली (Maelie) की मौत हो गई।

उनकी मां, एनिक लेगॉल्ट (Anik Legault) और चाचा एरिक (Erik) मामूली चोटों के साथ बच गए। सिंह, जिसने अपने लॉगबुक में फर्जीवाड़ा किया था और जिसे उस समय गाड़ी चलाने की अनुमति नहीं थी, को खतरनाक ड्राइविंग से हुई मौत का दोषी पाया गया और 5 साल की जेल की सजा सुनाई गई।' नीचे देखें स्क्रीनशॉट।

Image Source : PTIPTI फैक्ट चेक।

X से मिले क्लू के आधार पर संबंधित कीवर्ड से सर्च किया गया तो truckstopcanada.com पर एक रिपोर्ट मिली। यहां वायरल तस्वीर मौजूद थी। पोस्ट का लिंक और नीचे देखें स्क्रीनशॉट।

Image Source : PTIPTI फैक्ट चेक।

पड़ताल में सामने आया कि यूजर्स कनाडा के 2022 के वीडियो को भारत का बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

दावा: भारत में एक ट्रक ड्राइवर तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए मोबाइल फोन में व्यस्त दिखाई देता है। लापरवाही के चलते ट्रक सामने स्लो ट्रैफिक में चल रही एक गाड़ी से टकरा जाता है। इस भीषण हादसे में गाड़ी में सवार बुज़ुर्ग दादा-दादी और बच्चे अपनी जान गंवा बैठते हैं।

तथ्य: फैक्ट चेक की जांच में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ।

निष्कर्ष: पड़ताल में सामने आया कि यूजर्स कनाडा के 2022 के वीडियो को भारत का बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहें हैं। (PTI)