1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: मोटरसाइकिल सवारों का टोल टैक्स देने की लगी लंबी लाईन, जानिए वायरल दावे की क्या है सच्चाई?

Fact Check: मोटरसाइकिल सवारों का टोल टैक्स देने की लगी लंबी लाईन, जानिए वायरल दावे की क्या है सच्चाई?

वायरल वीडियो में बाइक सवार टोल टैक्स देते हुए नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स सरकार के बयान पर सवाल खड़े कर रहे हैं। जानिए इस वायरल दावे की सच्चाई क्या है?

भ्रामक है दावा- India TV Hindi
Image Source : X/PIBFACTCHECK भ्रामक है दावा

सोशल मीडिया में कई तरह के वीडियो और फोटो वायरल होते हैं। इनमें से कई फोटो और वीडियो गलत दावों के साथ शेयर किए जाते हैं। ऐसे ही वायरल दावों की सत्यता की जांच इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम करती है। 

क्या हो रहा वायरल?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर स्थित टोल प्लाजा पर दोपहिया वाहनों से टोल टैक्स लिया जा रहा है। सरल व्यंग्य (Saral Vyangya) नाम के एक्स यूजर वीडियो अपलोड करते हुए लिखा, 'कुछ दिन पहले गडकरी जी ने कहा था कि मोटरसाइकिल पर टोल टैक्स नहीं लगेगा। फिर ये कहाँ पर लिया जा रहा है?'

राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर नहीं लिया जाता टोल टैक्स

इस वायरल दावे का फैक्ट चेक किया गया है। पीआईबी फैक्ट चेक, जो कि भारत सरकार की संस्था है। पीआईबी फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा संचालित देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर स्थित टोल प्लाजा पर दोपहिया वाहनों से कोई उपयोगकर्ता शुल्क नहीं लिया जाता है।

YEIDA के तहत आता है यमुना एक्सप्रेसवे 

पीआईबी फैक्ट चेक ने बताया कि यह वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे से संबंधित है, जो नेशनल हाईवे (@NHAI_Official) के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। यह एक्सप्रेसवे यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा नियंत्रित एक राज्य एक्सप्रेसवे है, जहाँ टोल की दरें YEIDA द्वारा निर्धारित की जाती हैं।

भ्रामक पाया गया वीडियो

पीआईबी फैक्ट चेक ने कहा कि सतर्क रहें! भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और उन्हें फैलाने से बचें। इस तरह बाइक सवारों से टोल टैक्स लेने का ये वीडियो भ्रामक पाया गया है।