1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: क्या ईरान हिंसा में गिरफ्तार हुए 6 भारतीय नागरिक? ईरानी राजदूत ने किया खंडन

Fact Check: क्या ईरान हिंसा में गिरफ्तार हुए 6 भारतीय नागरिक? ईरानी राजदूत ने किया खंडन

Fact Check: भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली ने उन रिपोर्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया गया था कि ईरानी पुलिस ने प्रदर्शनों के सिलसिले में 10 अफगान और 6 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

ईरान के तेहरान में विरोध प्रदर्शन के दौरान की तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI ईरान के तेहरान में विरोध प्रदर्शन के दौरान की तस्वीर

Fact Check: ईरान में जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच सोशल मीडिया पर चल रही एक खबर ने कूटनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली ने उन रिपोर्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया गया था कि ईरानी पुलिस ने प्रदर्शनों के सिलसिले में 10 अफगान और 6 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

सोशल मीडिया पर क्या था दावा?

हाल ही में सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई थी। इस पोस्ट में दावा किया गया था कि ईरानी सुरक्षा बलों ने एक 'सेल' का भंडाफोड़ किया है, जिसमें 10 अफगान और 6 भारतीय नागरिक शामिल थे। पोस्ट के अनुसार, ये विदेशी नागरिक अपने ईरानी सहयोगियों के साथ मिलकर देश में अशांति फैलाने की गतिविधियों में लिप्त थे।

ईरानी राजदूत की प्रतिक्रिया

राजदूत मोहम्मद फथाली ने इस खबर पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे "पूरी तरह से गलत" करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा, "ईरान के घटनाक्रमों के बारे में कुछ विदेशी X खातों पर प्रसारित की जा रही खबरें पूरी तरह से झूठी हैं। मैं सभी संबंधित लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे केवल विश्वसनीय स्रोतों से ही समाचार प्राप्त करें।"

ईरान में विरोध प्रदर्शन के दौरान अब तक 544 लोगों की मौत

ईरान में विरोध प्रदर्शनों का दौर पिछले दो हफ्तों से जारी है। मानवाधिकार संगठनों और समाचार एजेंसियों के अनुसार, स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। अमेरिका स्थित 'ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी' (HRANA) के मुताबिक, विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद से अब तक 10,600 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हिंसा में अब तक कुल 544 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें से 490 प्रदर्शनकारी और 48 सुरक्षाकर्मी बताए जा रहे हैं।