सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म में कई तरह के वीडियो वायरल होते हैं। इनमें से कई वीडियो गलत दावों के साथ अपलोड किए जाते हैं। लोग इन वीडियो को सच मानकर अपनी टाइमलाइन में शेयर कर लेते हैं। सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है। फेसबुक पर अपलोड किए गए वीडियो की सत्यता की जांच की गई है। यूजर्स ने इस वीडियो को हाल ही का बताया है।
क्या हो रहा वायरल?
फेसबुक पर वायरल हो रहे वीडियो में एक पुलिसकर्मी सामने खड़े शख्स से बातचीत कर रहा होता है। अचानक, पुलिसकर्मी उस शख्स को थप्पड़ जड़ देता है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने दावा किया कि यह घटना महाराष्ट्र के चंद्रपुर की है। जहां पुलिस एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड़ के घर छापा मारने पहुंची थी। छापेमारी के दौरान प्रमोद मोहोड़ ने पुलिस से बदसलूकी की और कार्रवाई रोकने की कोशिश की। इसके बाद डीएसपी गणेश गावड़े ने उन्हें थप्पड़ मार दिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर सत्येंद्र नाथ नाम के यूजर ने 18 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, 'डीएसपी गणेश गावड़े ने चंद्रपुर एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड़ को थप्पड़ मारा। नेताजी को दिन में तारे नजर आ गए छापे की कार्रवाई को रोकने के लिए कर रहे थे पुलिस से बदतमीजी डीएसपी ने थप्पड़ मार दिया।' इंस्टाग्राम पर भी यूजर ने 18 मार्च 2025 को समान दावे के साथ पोस्ट को शेयर किया है।
Image Source : Social Mediaफेसबुक पर वायरल हो रहा वीडियो
दिसंबर, 2013 की है ये घटना
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए वीडियो के 'की-फ्रेम्स' को रिवर्स इमेज सर्च किया गया। ज़ी 24 तास (रीजनल न्यूज चैनल) के यूट्यूब पर वायरल वीडियो मिला। ज़ी 24 तास ने 21 दिसंबर 2013 को समान दावे के साथ खबर को पब्लिश किया था। इसमें बताया गया कि महाराष्ट्र के चंद्रपुर में हो रहे एक धरने प्रदर्शन में शामिल होने आए तत्कालीन एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड़ ने पुलिस के साथ बदतमीजी की। इसके बाद वहां पर मौजूद पुलिसकर्मी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। वीडियो में पूर्व एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड का बयान भी था, जिसमें उनका कहना था, 'पुलिस ने उनके साथ मारपीट की थी। इसके बाद उनका हाथ टूट गया था और उन्हें कई अन्य चोटें भी आई थी।
Image Source : YTसाल 2013 की है ये घटना
वायरल पोस्ट का दावा है भ्रामक
जांच-पड़ताल में सामने आया कि एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड़ को थप्पड़ मारते पुलिसकर्मी का वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं है। सोशल मीडिया में वायरल पोस्ट का दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो साल 2013 का है। उस समय एक प्रदर्शन के दौरान एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड़ ने पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की थी। इसके बाद नाराज डीएसपी गणेश गावड़े ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था। इस वीडियो को हाल का बताकर वायरल किया जा रहा है।