A
  1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: लाठी और तलवार लिए दिल्ली की सीएम का Video हो रहा वायरल? जानें क्या है सच

Fact Check: लाठी और तलवार लिए दिल्ली की सीएम का Video हो रहा वायरल? जानें क्या है सच

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि हाथ में तलवार और लाठी लेकर करतब दिखा रही महिला दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता हैं और ये उनका पुराना वीडियो है। आइये जानते हैं इस दावे का पूरा सच क्या है।

फैक्ट चेक।- India TV Hindi
Image Source : FACT CHECK फैक्ट चेक।

Originally Fact Checked by PTI: दिल्ली की शालीमार बाग सीट से विधायक बनी रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी 2025 को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप शपथ ली है। शपथ लेने के बाद से ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल किया जा रहा है, जिसमें एक महिला हाथ में तलवार और लाठी लेकर करतब दिखाते हुए नजर आ रही है। वीडियो को शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का यह पुराना वीडियो है। हालांकि फैक्ट चेक में यह दावा फर्जी साबित हुआ। पड़ताल में पता चला कि वायरल वीडियो दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नहीं, बल्कि मराठी अभिनेत्री पायल जाधव का है, जिन्होंने हाल में शिव जयंती के अवसर पर छत्रपति शिवाजी महाराज को अनोखे अंदाज में श्रद्धांजलि अर्पित की।

क्या हो रहा है वायरल?

दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक यूजर सागर गुप्ता ने 22 फरवरी 2025 को एक पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “Old video of RSS worker Rekha gupta, now Delhi CM. मोदी जी सोच समझकर राज्य की बागडोर सौंपते हैं, अब देखिए इस वीडियो में दिल्ली की नई माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी को, देखने के बाद आपको भी गर्व होगा। इसलिए तो हम सभी कहते हैं, मोदी है तो मुमकिन है।” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक यहां देखें।

Image Source : screenshotफेसबुक पर वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट।

वहीं, एक अन्य यूजर ने फेसबुक पर ही 21 जनवरी  2025 को समान दावे के साथ वायरल वीडियो को पोस्ट किया। पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक यहां देखें।

Image Source : screenshotफेसबुक पर वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट।

फैक्ट चेक

वायरल दावे का सच जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल ओपन सर्च किया, लेकिन इससे संबंधित कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। पड़ताल की अगली कड़ी में डेस्क ने वीडियो के ‘की-फ्रेम्स’ को गूगल लेंस के जरिये रिवर्स इमेज सर्च किया। इस दौरान मराठी एक्ट्रेस पायल जाधव के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 19 फरवरी 2025 को वायरल वीडियो अपलोड हुआ मिला। पोस्ट का लिंक यहां देखें।

Image Source : screenshotइंस्टा पर पायल जाधव के अकाउंट से पोस्ट की गई वीडियो का स्क्रीनशॉट।

अभिनेत्री पायल जाधव ने इस वीडियो के साथ मराठी में कैप्शन में लिखा है, जिसका हिंदी अनुवाद, "छत्रपति शिवाजी महाराज के महान कृतित्व को नमन। शस्त्रविद्या में निपुण, प्रौढ़ प्रताप पुरंदर महाराज से प्रेरणा लेकर किया गया मेरा यह छोटा सा प्रयास। हर हर महादेव!!"

पड़ताल के अगले क्रम में ‘Rajshri Marathi Showbuz’ के यूट्यूब चैनल पर 20 जनवरी 2025 को पब्लिश एक वीडियो मिला, जिसमें वायरल वीडियो मौजूद था। इस वीडियो में बताया गया कि कलर्स मराठी की 'अबीर गुलाल' सीरियल की अभिनेत्री पायल जाधव हर घर में पहचान बना चुकी हैं। इस शो में उन्होंने श्री की भूमिका निभाई थी। पायल सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। शिव जयंती के मौके पर उन्होंने एक खास वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो का लिंक यहां देखें।

Image Source : screenshotयूट्यूब पर अपलोड वीडियो का स्क्रीनशॉट।

पड़ताल के अंत में लोकमत की मराठी न्यूज वेबसाइट पर 20 फरवरी 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। यहां वायरल वीडियो का विजुअल मौजूद था। लोकमत ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि कलर्स मराठी चैनल के 'अबीर गुलाल' सीरियल से अभिनेत्री पायल जाधव घर-घर में मशहूर हो गई हैं। इस शो में उन्होंने 'श्री' का किरदार निभाया था।

पायल ने कुछ महीने पहले ही इस सीरियल ने दर्शकों को अलविदा कहा, लेकिन पायल जाधव इन दिनों चर्चा में हैं। शिव जयंती 2025 के अवसर पर अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जो खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस वीडियो में वह शिवकालीन युद्धकला का प्रदर्शन करती नजर आ रही हैं। पोस्ट का लिंक यहां देखें।

Image Source : screenshotवेबसाइट पर पोस्ट खबर का स्क्रीनशॉट।

नीचे दोनों तस्वीरों की तुलना की गई है, जो यह दिखाता है कि वायरल पोस्ट में दिख रहा वीडियो वही है, जो अभिनेत्री पायल जाधव के इंस्टाग्राम हैंडल से साझा किया गया था।

Image Source : screenshotवायरल क्लिक और ओरिजिनल क्लिप में समानता।

फैक्ट चेक में यह स्पष्ट है कि युद्वकला का करतब दिखा रही है महिला का जो वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, वह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नहीं, बल्कि मराठी अभिनेत्री पायल जाधव का है, जिन्होंने हाल में शिव जयंती के अवसर पर छत्रपति शिवाजी महाराज को अनोखे अंदाज में श्रद्धांजलि अर्पित की है।

दावा- तलवार से करतब दिखाती महिला, दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का पुराना वीडियो है।

तथ्य- वायरल सोशल मीडिया पोस्ट फर्जी निकला।

निष्कर्ष- पड़ताल में स्पष्ट है कि युद्वकला का करतब दिखा रही महिला का जो वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, वह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नहीं, बल्कि मराठी अभिनेत्री पायल जाधव का है, जिन्होंने हाल में शिव जयंती के अवसर पर छत्रपति शिवाजी महाराज को अनोखे अंदाज में श्रद्धांजलि अर्पित की है।

(Disclaimer: यह फैक्ट चेक मूल रूप से PTI द्वारा किया गया है, जिसे Shakti Collective की मदद से India TV ने पुन: प्रकाशित किया है)