PHOTOS: सैयद फैज इलाही मस्जिद से सटे इलाके में चला बुलडोजर, सामने आईं विध्वंस की तस्वीरें

दिल्ली के रामलीला मैदान इलाके में सैयद फैज इलाही (फैज-ए-इलाही) मस्जिद के पास बुधवार तड़के अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान हिंसा भड़क गई। इस घटना में कम से कम 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों पर दिल्ली नगर निगम यानी कि MCD के अधिकारी मस्जिद से सटे इलाके और तुर्कमान गेट के पास के कब्रिस्तान पर बने अतिक्रमण को हटा रहे थे, तभी झड़पें शुरू हो गईं। इस पूरी कार्रवाई और उसके बाद की कई तस्वीरें भी सामने आई हैं।
1/12 Image Source : PTI
दिल्ली के रामलीला मैदान इलाके में सैयद फैज इलाही (फैज-ए-इलाही) मस्जिद के पास बुधवार तड़के अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान हिंसा भड़क गई। इस घटना में कम से कम 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों पर दिल्ली नगर निगम यानी कि MCD के अधिकारी मस्जिद से सटे इलाके और तुर्कमान गेट के पास के कब्रिस्तान पर बने अतिक्रमण को हटा रहे थे, तभी झड़पें शुरू हो गईं। इस पूरी कार्रवाई और उसके बाद की कई तस्वीरें भी सामने आई हैं।
2/12 Image Source : PTI
बुलडोजर के चलने के बाद मस्जिद के आसपास काफी मलबा नजर आ रहा था। दूर से ली गई इस तस्वीर में आसपास का पूरा मंजर साफ दिखाई दे रहा है।
3/12 Image Source : PTI
MCD के एक अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। दिल्ली पुलिस ने बाद में एक बयान जारी कर कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए, जिसके बाद हालात काबू में आ गए और स्थिति सामान्य हो गई।
4/12 Image Source : PTI
पुलिस उपायुक्त (मध्य) निधिन वलसन ने कहा कि MCD को 6 और 7 जनवरी की दरमियानी रात को अतिक्रमण अभियान को अंजाम देना था। इसके मद्देनजर पुलिसकर्मियों को उन स्थानों पर तैनात किया गया था। लेकिन MCD का साजो-सामान पहुंचने से पहले ही वहां लगभग 100-150 लोग इकट्ठा हो गए।
5/12 Image Source : PTI
ऑपरेशन के दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर पथराव किया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। DCP वलसन ने आगे बताया कि समझाने-बुझाने के बाद अधिकतर लोग वहां से हट गए, लेकिन कुछ लोगों ने हंगामा करने की कोशिश की और पथराव किया। इससे 5 पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं और उन्हें चिकित्सा सहायता दी गई। उन्होंने कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। वलसन ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
6/12 Image Source : PTI
वलसन ने कहा कि घटना से जुडे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अदालत ने फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास स्थित एक बैंक्वेट हॉल और एक औषधालय को अतिक्रमण घोषित किया था और इन्हें ही ढहाया जाना था। पुलिस ने बताया कि यह जमीन MCD की है और MCD ने प्रस्तावित विध्वंस के बारे में पुलिस को पहले ही सूचित कर दिया था। साथ ही, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल की तैनाती की मांग की थी।
7/12 Image Source : PTI
DCP ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय निवासियों से संपर्क किया और उन्हें बताया कि यह तोड़फोड़ कानूनी कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इलाके के लोगों को विश्वास में लिया और उन्हें लोगों का सहयोग भी मिला। MCD के उपायुक्त विवेक कुमार ने कहा कि यह विध्वंस अभियान हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में संचालित किया गया था। इसके दौरान लगभग 36,000 वर्ग फुट अतिक्रमित क्षेत्र को खाली कराया गया। कुमार ने बताया कि खाली कराए गए क्षेत्र में एक निदान केंद्र, एक मैरिज हॉल और 2 दोमंजिला चारदीवारी शामिल थीं।
8/12 Image Source : PTI
पुलिस अधिकारी ने कहा कि ढहाने का काम पूरी रात जारी रहा। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर अब भी इतना मलबा पड़ा है, जिससे लगभग 200 से 250 गाड़ियां भरी जा सकती हैं और इसे सफाई अभियान के तहत हटाया जाएगा। वलसन ने साफ किया कि इस अभियान के दौरान मस्जिद को कोई क्षति नहीं पहुंची। अधिकारी ने कहा कि संरचनाओं को गिराने में समय लगा क्योंकि वे बेहद मजबूत थीं और उनकी दीवारें लगभग 9 इंच मोटी थीं।
9/12 Image Source : PTI
पुलिस के मुताबिक, कानून-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम पहले से ही किए गए थे और वरिष्ठ अधिकारियों को कई क्षेत्रों में तैनात किया गया था। स्थानीय शांति समितियों के सदस्यों के साथ समन्वय बैठकें भी की गईं। इस बीच, संयुक्त पुलिस आयुक्त (सेंट्रल रेंज) मधुर वर्मा ने एक बयान में कहा, 'दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप, दिल्ली नगर निगम (MCD) ने तड़के सुबह दिल्ली के रामलीला मैदान के पास तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास के अतिक्रमित क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया।'
10/12 Image Source : PTI
वर्मा ने कहा कि अतिक्रमण रोधी अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने कानून व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र को सावधानीपूर्वक 9 क्षेत्रों में विभाजित किया गया था, जिनमें से प्रत्येक को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रैंक के एक अधिकारी की निगरानी में रखा गया था। सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी।
11/12 Image Source : PTI
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि अतिक्रमण रोधी अभियान से पहले, शांति बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से अमन समिति के सदस्यों और अन्य स्थानीय हितधारकों के साथ कई समन्वय बैठकें आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि सभी संभव निवारक और विश्वास-बहाली कदम उठाए गए। वर्मा ने बताया,'अभियान के दौरान, कुछ उपद्रवियों ने पथराव करके अशांति फैलाने का प्रयास किया। संयमित और न्यूनतम बल प्रयोग के माध्यम से स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लाया गया, जिससे बिना किसी तनाव के सामान्य स्थिति बहाल हो गई।' पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को हिरासत में लिया है।
12/12 Image Source : PTI
संयुक्त पुलिस आयुक्त वर्मा ने बयान में कहा कि दिल्ली पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करेगी कि सभी न्यायिक निर्देशों का पालन विधिवत, पेशेवर और संवेदनशील तरीके से किया जाए। कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पुलिस अधिकारी पुलिस बल को लाठीचार्ज करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश देते हुए दिखाई दे रहे हैं, क्योंकि उन पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकी गई थीं। वीडियो में पुलिसकर्मियों को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागते हुए भी देखा गया।