T20 World Cup 2026: ये 5 पावर-हिटर बल्लेबाज टूर्नामेंट में बल्ले से ला सकते हैं तूफान
Published : Feb 05, 2026 10:45 am IST, Updated : Feb 05, 2026 10:45 am IST
-
Image Source : AFPT20 वर्ल्ड कप 2026 सिर्फ टीमों के बीच मुकाबला नहीं होगा, बल्कि यह पावर-हिटिंग की असली परीक्षा साबित होने वाला है। आज के T20 क्रिकेट में टीमें पहले 6 ओवरों में खुलकर वार करने की रणनीति अपना रही हैं। इसी आक्रामक सोच ने कुछ खास बल्लेबाजों को इस फॉर्मेट का गेम-चेंजर बना दिया है। ऐसे में नजर डालते हैं उन पांच बल्लेबाजों पर, जो T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने विस्फोटक प्रदर्शन से मैच का रुख पलट सकते हैं।
- Image Source : AFP
T20 वर्ल्ड कप 2026 में सभी की नजरें ICC के नंबर-1 T20I बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर सबसे ज्यादा रहेंगी। पावरप्ले के सबसे खतरनाक बल्लेबाज माने जा रहे अभिषेक को लेकर दिग्गज रिकी पोंटिंग तक यह कह चुके हैं कि वह टूर्नामेंट के टॉप रन-स्कोरर बन सकते हैं। 25 साल के अभिषेक ने अक्टूबर 2023 के बाद से सभी T20 टूर्नामेंट्स में कुल 249 छक्के जड़े हैं, जो इस वर्ल्ड कप में खेलने वाले किसी भी बल्लेबाज से ज्यादा हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी हालिया सीरीज भले ही उतार-चढ़ाव भरी रही हो, लेकिन अगर अभिषेक पूरे टूर्नामेंट में अपनी लय बनाए रखते हैं, तो उनको रोकना किसी भी टीम के लिए बेहद मुश्किल होगा।
- Image Source : AFP
इस लिस्ट में सबसे युवा नाम है 22 साल के डेवाल्ड ब्रेविस, जो अपने विस्फोटक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। बेबी एबी के नाम से मशहूर ब्रेविस का स्ट्राइक रेट खुद उनकी उम्र से ज्यादा चर्चा में रहता है। उन्होंने अब तक 21 T20I पारियों में 171.32 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट करीब 200 तक पहुंच जाता है। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 56 गेंदों पर नाबाद 125 रन की पारी ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया था। T20 क्रिकेट में ब्रेविस हर आठ गेंदों में लगभग एक छक्का लगाते हैं। इससे उनकी तूफानी बैटिंग का अंदाजा लगाया जा सकता है।
- Image Source : AFP
जोस बटलर सिर्फ नाम नहीं, एक ब्रांड हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान T20 वर्ल्ड कप इतिहास में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। T20I क्रिकेट में उनके नाम 173 छक्के और 29 अर्धशतक दर्ज हैं। वह 4000 T20I रन के खास क्लब से सिर्फ 50 रन दूर है, जहां अभी सिर्फ बाबर आजम, रोहित शर्मा और विराट कोहली ही मौजूद हैं। साल 2022 में इंग्लैंड को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले बटलर इस बार भी टीम की सबसे बड़ी ताकत होंगे। पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत हो या अंत में फिनिशर की भूमिका, बटलर हर मोर्चे पर फिट बैठते हैं।
- Image Source : AFP
शे होप के नाम में ही होप है और वेस्टइंडीज की उम्मीदें भी उन्हीं पर टिकी हैं। हाल ही में ICC T20I रैंकिंग में चार स्थान की छलांग लगाकर 13वें नंबर पर पहुंचे कप्तान शे होप T20 में पूरी रफ्तार से खेलने के लिए तैयार हैं। 140 के करीब स्ट्राइक रेट के साथ खेलने वाले होप की सबसे बड़ी ताकत है उनका संयम। हालांकि भारत और श्रीलंका में उनका रिकॉर्ड उतना अच्छा नहीं रहा है, लेकिन यह वर्ल्ड कप उनके लिए उस कमी को दूर करने का बड़ा मौका होगा।
- Image Source : AFP
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा इस वर्ल्ड कप में अहम भूमिका निभाने वाले हैं। ऐसा माना जा रहा है कि वह नंबर-3 पर बल्लेबाजी करेंगे, जहां उन्हें पावरप्ले में आक्रामक भूमिका से लेकर पारी को संभालने तक, हर तरह की जिम्मेदारी निभानी होगी। अब तक 45 T20I खेल चुके आगा अभी भी अपने पहले T20I शतक की तलाश में हैं। अगर पाकिस्तान को टूर्नामेंट में लंबा सफर तय करना है, तो सलमान अली आगा का चलना बेहद जरूरी होगा।