A
  1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. अनिल विज ने अपने X बायो से हटाया ‘मंत्री’ शब्द, बाद में खुद ही बताया ऐसा क्यों किया

अनिल विज ने अपने X बायो से हटाया ‘मंत्री’ शब्द, बाद में खुद ही बताया ऐसा क्यों किया

हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज ने अपने X प्रोफाइल से 'मंत्री' शब्द हटा दिया है। उन्होंने कहा कि वह अपनी पहचान पद से नहीं, बल्कि नाम से बनाना चाहते हैं। सोशल मीडिया पर सक्रिय विज का यह कदम चर्चा में है, हालांकि उन्होंने इसे अंबाला विवाद से जोड़ने से इनकार किया है।

Anil Vij, Anil Vij Twitter bio change, Anil Vij minister tag removed- India TV Hindi
Image Source : PTI बीजेपी के वरिष्ठ नेता और मंत्री अनिल विज।

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार में कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभालने वाले बीजेपी नेता अनिल विज ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) प्रोफाइल से ‘मंत्री’ शब्द हटा लिया है। उन्होंने कहा कि वह अपनी सोशल मीडिया मौजूदगी को अपने नाम ‘अनिल विज’ के दम पर बढ़ाना चाहते हैं, न कि किसी पद या टैग के सहारे। 72 साल के अनिल विज, जो हरियाणा में ऊर्जा, परिवहन और श्रम जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की कमान संभालते हैं, के एक्स पर 8.84 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। मंगलवार को उन्होंने अपने बायो को ‘अनिल विज, मंत्री, हरियाणा, भारत’ से बदलकर ‘अनिल विज, अंबाला कैंट, हरियाणा, भारत’ कर दिया।

'मेरे फेसबुक पेज पर भी आप ‘मंत्री’ शब्द नहीं देखेंगे'

अनिल विज ने कहा, 'मैं अपनी सोशल मीडिया की पहुंच को अनिल विज के नाम से बढ़ाना चाहता हूं, न कि मंत्री के तौर पर। मैंने सोशल मीडिया पर अपनी मौजूदगी तब बनाई थी, जब मैं मंत्री नहीं था। मेरे फेसबुक पेज पर भी आप ‘मंत्री’ शब्द नहीं देखेंगे। लोग मुझे अनिल विज के नाम से जानते हैं। मेरे पोस्ट और मेरी पहुंच मेरे नाम पर आधारित होनी चाहिए, न कि इस बात पर कि मैं मंत्री हूं। अनिल विज किसी टैग (मंत्री वगैरह) पर निर्भर नहीं है।' अनिल विज सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और उनकी पोस्ट अक्सर चर्चा में रहती हैं। वह अपनी बात बेबाकी से रखने के लिए जाने जाते हैं। उनके इस कदम को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

अनिल विज के इस दावे ने मचाई थी सियासत में हलचल

7 बार के विधायक अनिल विज ने हाल ही में अपने गृह क्षेत्र अंबाला कैंट में कुछ लोगों द्वारा वरिष्ठ नेताओं के आशीर्वाद से 'समानांतर' बीजेपी इकाई चलाने का दावा कर हलचल मचा दी थी। 12 सितंबर को उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में इस मुद्दे को उठाया और लोगों से अपने सुझाव देने को कहा था। हालांकि, अनिल विज ने साफ किया कि उनके X बायो से ‘मंत्री’ शब्द हटाने के फैसले का इससे लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, 'मैंने पहले अपने फेसबुक पेज पर भी यही किया था। अब मैंने फैसला लिया कि मेरे एक्स हैंडल पर भी सिर्फ अनिल विज होना चाहिए।'