1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. बैंक मैनेजर ने कहा- 'टाइम पर आया करो', गार्ड ने तान दी राइफल, टेबल पर गिराकर थप्पड़ मारे, CCTV में कैद हुई घटना

बैंक मैनेजर ने कहा- 'टाइम पर आया करो', गार्ड ने तान दी राइफल, टेबल पर गिराकर थप्पड़ मारे, CCTV में कैद हुई घटना

हरियाणा के जींद में बैंक मैनेजर ने गार्ड से टाइम पर ड्यूटी पर आने के लिए कहा तो वह भड़क गया और उस पर राइफल तान दी। इसके बाद उसे टेबल पर गिराकर थप्पड़ मारेपूरी घटना CCTV में कैद हो गई।

CCTV Video- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बैंक मैनेजर से मारपीट करता गार्ड

हरियाणा के जींद में गार्ड ने बैंक मैनेजर पर राइफल तान दी। इसके साथ ही टेबल पर गिराकर थप्पड़ मारे। यह घटना उस समय हुई, जब बैंक मैनेजर ने गार्ड को समय पर ड्यूटी आने को कहा। घटना जुलाना के दी जींद सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की है। यहां मैनेजर ने गार्ड को टाइम पर ड्यूटी पर आने के लिए कहा तो गार्ड भड़क गया और मैनेजर को मारने के लिए दौड़ा। इसके बाद बैंक में मौजूद स्टाफ ने गार्ड को पकड़कर दूर किया। साथ ही उसकी राइफल भी छीन ली। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जुलाना थाना पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर गार्ड के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

जुलाना की अनाज मंडी स्थित दी जींद सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के मैनेजर उमेद ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि गतौली गांव निवासी परमेंद्र कॉन्ट्रैक्ट पर बैंक में गार्ड तैनात है। पहले मैं छुट्टी पर चल रहा था। 19 नवंबर को मैं छुट्टी के बाद बैंक आया था। उमेद ने आगे कहा कि मुझे सभी कर्मचारियों की हाजिरी भेजनी पड़ती है। इसलिए मैंने सीसीटीवी फुटेज चेक की थी, लेकिन मुझे परमेंद्र नहीं दिखा। मैंने परमेंद्र को सिर्फ इतना कहा था कि सुबह पौने 10 बजे से लेकर शाम सवा 5 बजे तक ड्यूटी करनी पड़ेगी। इस पर उसने कहा कि ये मेरा टाइम नहीं है।

मैनेजर ने की शिकायत

मैनेजर ने बताया कि उसने गार्ड को लिखित में ड्यूटी टाइम दिखाते हुए कहा कि इसी टाइम के अनुसार उसे ड्यूटी करनी पड़ेगी। इस पर परमेंद्र ने मुझे कहा कि क्या बात? इसके बाद उसने सीट पर आकर मुझे थप्पड़ मारा। इसके बाद मुझे धक्के मारते हुए गन तान दी। बैंक में मौजूद स्टाफ ने मुझे परमेंद्र से बचाया। अगर वो लोग नहीं बचाते तो वो गोली चला देता। उधर पुलिस ने को-ऑपरेटिव बैंक के मैनेजर को शिकायत पर  सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

(जींद से राजकुमार गोयल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी को लेकर हुई मारपीट, एक ही परिवार के 8 लोग घायल

पहली बार ''आतंक'' में नहीं आया नाम, अल-फलाह यूनिवर्सिटी का ये छात्र अहमदाबाद, जयपुर और गोरखपुर में करा चुका है धमाके