BJP ने पंजाब और हरियाणा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए अपने नए प्रदेश अध्यक्षों का ऐलान कर दिया है। बीजेपी लीडरशिप ने पंजाब में केवल ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है, जबकि हरियाणा में अर्चना गुप्ता को बीजेपी ने नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। बीजेपी के इस निर्णय को आगामी विधानसभा चुनावों और संगठन को मजबूत करने की स्ट्रैटेजी के रूप में देखा जा रहा है।
पंजाब के नए BJP अध्यक्ष बने केवल ढिल्लों
दरअसल, बीजेपी लंबे वक्त से हरियाणा और पंजाब में संगठन को नए सिरे से एक्टिव करने की तैयारी में थी। केवल ढिल्लों को पंजाब में संगठन और जमीनी लेवल पर काम करने वाले नेता के तौर पर देखा जाता है। वह बरनाला सीट से विधायक भी रह चुके हैं। ऐसे में बीजेपी ने केवल ढिल्लों को पंजाब में पार्टी वर्कर्स को एकजुट करने और जनाधार बढ़ाने की जिम्मेदारी दी है। केवल ढिल्लों अभी, पंजाब बीजेपी में कोर कमेटी के सदस्य हैं।
हरियाणा में अर्चना गुप्ता के रूप में महिला को कमान
वहीं, हरियाणा में अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाना, बीजेपी के महिला लीडरशिप को आगे बढ़ाने के मैसेज के तौर पर देखा जा रहा है। हरियाणा में BJP लगातार तीसरी बार सरकार में है। ऐसे में संगठनात्मक लेवल पर नए चेहरों को जिम्मेदारी देकर बीजेपी, पार्टी वर्कर्स में नई ऊर्जा भरने का प्रयास कर रही है। अर्चना गुप्ता लंबे वक्त से संगठन में एक्टिव रही हैं और उन्हें तमाम पदों पर काम करने का एक्सपीरिएंस हैं। अर्चना गुप्ता अभी, हरियाणा बीजेपी में प्रदेश महासचिव हैं। इससे पहले वह, पानीपत में बीजेपी की जिलाध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
सियासी चुनौतियों के लिए खुद को तैयार कर रही BJP
माना जा रहा है कि बीजेपी का यह कदम सिर्फ संगठनात्मक परिवर्तन भर नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से पार्टी पंजाब और हरियाणा में आगामी सियासी चुनौतियों के लिए खुद को तैयार कर रही है। पंजाब में जहां BJP अपना जनाधार बढ़ाने में लगी हुई है, वहीं हरियाणा में बीजेपी अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखना चाहती है।
ये भी पढ़ें- हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली की कमान, BJP ने नियुक्त किया नया प्रदेश अध्यक्ष