1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. यमुनानगर के आत्मापुरी कॉलोनी में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, नशा तस्कर का घर जमींदोज

यमुनानगर के आत्मापुरी कॉलोनी में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, नशा तस्कर का घर जमींदोज

यमुनानगर में एक नशा तस्कर के घर को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

हरियाणा में यमुनानगर के हमीदा क्षेत्र की आत्मापुरी कॉलोनी में नगर निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नशा तस्करी से जुड़े परिवार के मकान को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौके पर मौजूद रहे। मकान खाली कराने से पहले महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला गया और सामान भी बाहर निकलवाकर पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।

भारी पुलिस बल रही तैनात

जानकारी के अनुसार, आत्मापुरी कॉलोनी में गुरुवार को नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची। प्रशासन के मुताबिक मकान का निर्माण नियमों के विरुद्ध किया गया था। संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी किए गए और जवाब देने का अवसर दिया गया। इसके बाद स्पीकिंग ऑर्डर पारित कर नियमानुसार तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई।

नियम के मुताबिक हुई कार्रवाई

ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र दहिया ने बताया कि “अवैध निर्माण को लेकर पहले नोटिस दिए गए थे। जांच और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिन मामलों में न्यायालय से स्टे नहीं है, उनमें कार्रवाई की जा रही है।” कार्रवाई के दौरान मकान में मौजूद महिलाओं ने विरोध किया। मुस्तरी ने अधिकारियों के सामने मकान नहीं तोड़ने की गुहार लगाई। परिवार की ओर से कोर्ट में याचिका विचाराधीन होने की बात भी कही गई, लेकिन मौके पर मकान तोड़ने से रोकने वाला कोई स्टे ऑर्डर प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

कई अधिकारी मौके पर रहे मौजूद

जांच अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि दस्तावेजों की जांच में निर्माण नियमों के विपरीत पाया गया था। नोटिस और स्पीकिंग ऑर्डर के बाद आज नियमानुसार कार्रवाई की गई है। प्रशासन के अनुसार हमीदा क्षेत्र में अवैध निर्माण को लेकर नौ मकान चिन्हित किए गए हैं। इनमें कुछ मामलों में अदालत से राहत मिली हुई है, जबकि बिना स्टे वाले मामलों में कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार नईम और मुस्तकीम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आठ मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र दहिया, नगर निगम के एटीपी दर्शन लाल और थाना प्रभारी मनोज कुमार मौजूद रहे।

 सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत 

वहीं, एक अन्य घटना में झज्जर में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर एक कैंटर ट्रक ने पीछे से एक पिकअप वाहन को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि पिकअप वाहन में तीर्थयात्रियों का एक समूह सवार था। पुलिस के अनुसार राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। 

रिपोर्टः कुलवंत चौधरी

ये भी पढ़ेंः एक, दो नहीं पूरे 62 चालान, गुरुग्राम की सड़कों पर दौड़ रही थी स्कूटी, पुलिस ने ठोका 217500 रुपये का जुर्माना, किया जब्त