A
Hindi News हरियाणा पत्नी को वीडियो कॉल पर दिखाई नहर, फिर कोर्ट अकाउंटेंट ने पानी में कूदकर किया सुसाइड

पत्नी को वीडियो कॉल पर दिखाई नहर, फिर कोर्ट अकाउंटेंट ने पानी में कूदकर किया सुसाइड

हरियाणा के यमुना नगर में एक कोर्ट अकाउंटेंट ने नहर में कूदकर जान दे दी। जानकारी के मुताबिक नोटिस मिलने के बाद से वह डिप्रेशन में था। आत्महत्या से पहले उसने पत्नी को वीडियो कॉल पर नहर भी दिखाई थी।

कोर्ट अकाउंटेंट ने नहर में कूदकर किया सुसाइड।- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT कोर्ट अकाउंटेंट ने नहर में कूदकर किया सुसाइड।

यमुनानगर: जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां शनिवार को फतेहपुर पुल से पश्चिमी यमुना नहर में कूदकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सुरेश कुमार निवासी गांधी धाम कॉलोनी, जगाधरी के रूप में हुई है, जो सेशन कोर्ट में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले सुरेश कुमार ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर नहर का दृश्य दिखाया और कहा कि वह इसमें कूदने जा रहा है। पत्नी के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग तुरंत सक्रिय हुए और पुलिस व गोताखोरों को सूचना दी गई।

नहर से बरामद किया शव

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम, गोताखोर और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। फतेहपुर पुल पर सुरेश कुमार की बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसके बाद नहर में सर्च अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव को नहर से बरामद कर लिया। इसके बाद शव को एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

मानसिक तनाव में था शख्स

परिजनों के अनुसार सुरेश कुमार पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रहा था। कोर्ट में ट्रांजेक्शन संबंधी एक गलती को लेकर उसे नोटिस मिला था, जिसके बाद से वह काफी परेशान रहने लगा था। बताया जा रहा है कि इसी तनाव के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। आत्महत्या से पहले उसने पत्नी को वीडियो कॉल पर कहा कि वह दुनिया को अलविदा कहने जा रहा है।

जांच कर रही पुलिस

पड़ोसी राजेश भारद्वाज के मुताबिक, सुबह वह मंदिर जा रहे थे, तभी सुरेश की पत्नी घबराई हुई उनके पास पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और सभी लोग मौके की ओर दौड़े। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारी सुमन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आत्महत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है। (इनपुट- कुलवंत सिंह)

यह भी पढ़ें-

शादी में नाचने आई डांसर के साथ फरार हुआ लड़की का भाई, होटल का फुटेज आया सामने; पत्नी ने की कार्रवाई की मांग