फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में ‘प्लेबॉय’ की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 89,750 रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 2 पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए युवक से संपर्क किया और फिर व्हाट्सऐप पर नौकरी का लालच देकर उससे अलग-अलग किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवाए। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
व्हाट्सऐप पर दिया नौकरी का ऑफर
पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद के रहने वाले शिकायतकर्ता को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक चलाते समय एक प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो बाद में व्हाट्सऐप पर होने लगी। आरोप है कि 31 अगस्त को युवक को व्हाट्सऐप के जरिए ‘प्लेबॉय’ की नौकरी का ऑफर दिया गया। नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 1,200 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस जमा करने को कहा गया।
कई बार में ट्रांसफर करवाए 89750 रुपये
शिकायत के मुताबिक, रजिस्ट्रेशन फीस लेने के बाद भी आरोपियों ने नौकरी दिलाने के बहाने युवक से पैसे मांगना जारी रखा। इस तरह उससे अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 89,750 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। जब युवक को ठगी का पता चला, तो उसने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद फरीदाबाद के साइबर सेंट्रल थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मंगलवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शिकायत के आधार पर की गई शुरुआती जांच के बाद हुई।
नोएडा में किराये पर कमरा लेकर करते थे ठगी
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला कि फिरोज खान और प्रकाश आपस में साझेदार थे। दोनों ने नोएडा के सेक्टर-58 में एक कमरा किराये पर लिया हुआ था। आरोप है कि वे इसी जगह से व्हाट्सऐप के जरिए लोगों से संपर्क कर ठगी करते थे। मामले में गिरफ्तार महिला पर शिकायतकर्ता से व्हाट्सऐप पर बातचीत करने और नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे पैसे ट्रांसफर करवाने का आरोप है।
एक आरोपी BBA ग्रेजुएट, दूसरे ने 12वीं भी पूरी नहीं की
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोज खान, प्रकाश और एक महिला के रूप में हुई है। तीनों गाजियाबाद के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि फिरोज खान ने बीबीए की पढ़ाई की है, जबकि प्रकाश 12वीं कक्षा भी पूरी नहीं कर सका। मामले में गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। बता दें कि कुछ महीने पहले हरियाणा से एक खबर आई थी जिसमें आरोपी ठगी के पैसे से ऑनलाइन गोल्ड खरीदते थे।
ये भी पढ़ें: मजदूरों की सप्लाई के नाम पर 45 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 25 लाख का कैश-चेक बरामद