हरियाणा के गुरुग्राम शहर से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां गुरुग्राम पुलिस को ‘खुलेआम चुनौती’ देते हुए दो लोग चलती बाइक पर बीयर पीते हुए नजर आए। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
सोहाना रोड इलाके का है वीडियो
इसके बाद अधिकारियों ने कहा कि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर द्वारा अपलोड किया गया यह वीडियो सोहना रोड इलाके का बताया जा रहा है।
बिना हेलमेट और हाथों में बीयर की बोतल
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने घटना का वीडियो डाला है। इस यूजर ने एक्स पर लिखा, 'दो लड़के बिना हेलमेट के हाथों में बीयर की बोतलें लिए नशे में गाड़ी चला रहे थे। लगभग कारों और लोगों को टक्कर मार रहे थे।'
क्या हमारी सड़कों पर सुरक्षा ऐसी ही दिखती है?
एक्स यूजर ने लिखा पुलिस ने कहा, 'इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करो।' यूजर ने ये भी सवाल किया, 'क्या हमारी सड़कों पर सुरक्षा ऐसी ही दिखती है?' इसके साथ ही एक्स यूजर ने गुरुग्राम पुलिस के एक्स हैंडल को ये वीडियो मेंशन भी किया।
पुलिस को खुलेआम दी चुनौती
वीडियो में राजस्थान नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग बीयर की बोतलें पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। वे बाइक पर आगे बढ़ते हुए पुलिस को खुलेआम चुनौती भी दे रहे थे।
आरोपियों की तलाश की जा रही
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, ‘ऐसा मामला हमारे संज्ञान में आया है और हम मोटरसाइकिल और उसपर सवार लोगों की तलाश कर रहे हैं। गाड़ी के नंबर और उसका सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’ (भाषा के इनपुट के साथ)