हांसी के फव्वारा चौक के पास गुरुवार तड़के अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मर्डर का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि रोड किनारे एक युवक कुछ लोगों को एक्सराइज करवा रहा है। इस दौरान बाइक उसके पास आकर रुकी और एक बदमाश जिम संचालक के पास से उसके सिर और पीठ में 10 गोलियां मारी। बदमाशों ने ये वारदात को सिर्फ पांच सेकेंड में अंजाम दिया।
गोली लगने से युवती भी घायल
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजे हमलावरों ने जिम संचालक कपिल पर नजदीक से गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी में एक युवती शिखा भी छर्रे लगने के कारण घायल हुई है। उसे हिसार के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जिस वक्त जिम संचालक का मर्डर हुआ है वह फव्वारा चौक के नजदीक बनी दुकानों के रैप पर लड़के-लड़कियों को एक्सराइज करवा रहा था।
वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार
हमलावार बाइक पर आए और उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) और फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
यहां देखें वीडियो
हाल में हुआ था शोरूम मैनेजर का मर्डर
इससे पहले अभी हाल में हांसी शहर में चार लोगों के एक ग्रुप ने 25 साल के एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। मृतक सूरज जैन हिसार का रहने वाला था और हांसी में कपड़ों के एक शोरूम में मैनेजर था। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 9 बजे सूरज को उसके जान-पहचान वाले कुछ युवकों ने शोरूम के बाहर बुलाया और उस पर हमला कर दिया। मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि यह मामला किसी लड़की से जुड़ा हो सकता है, क्योंकि सूरज का कथित तौर पर एक लड़की के साथ रिश्ता था, जो पहले आरोपियों में से एक के साथ जुड़ी हुई थी। पुलिस का कहना है कि वे मामले की कई एंगल से जांच कर रहे हैं। घटना का CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है।
रिपोर्ट- प्रवीण कुमार