1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा: 32 साल के पिता ने अपने 6 साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या की, शव को अपने सीने से बांधकर खुद भी लगाई फांसी

हरियाणा: 32 साल के पिता ने अपने 6 साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या की, शव को अपने सीने से बांधकर खुद भी लगाई फांसी

हरियाणा के फरीदाबाद में एक पिता ने अपने 6 साल के बेटे की हत्या कर दी और फिर उसके शव को अपने सीने से बांधकर खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी।

Faridabad- India TV Hindi
Image Source : PTI/REPRESENTATIVE PIC फरीदाबाद में एक पिता ने अपने 6 साल के बेटे की हत्या की

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 32 साल के पिता ने अपने 6 साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पिता ने घटना को अंजाम देने के बाद खुद भी खुदकुशी कर ली है।

क्या है पूरा मामला?

मामला हरियाणा के फरीदाबाद जिले के दयालपुर गांव का है। यहां एक शख्स ने अपने 6 साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या की और फिर उसके शव को अपने सीने से बांधकर खुद भी फांसी लगाकर सुसाइड कर ली। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है और बताया है कि मृतकों की पहचान हो गई है। मृत पिता का नाम सागर और बेटे का नाम लक्षित था।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पिता आर्थिक परेशानियों से गुजर रहा था और उसे जुआ खेलने और शराब पीने की लत थी। ऐसे में पत्नी अपने बेटे को लेकर पास के ही दूसरे गांव में रहने चली गई थी। ऐसे में पिता अकेला रहता था और इस अकेलेपन ने उसे इस बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए उकसाया।

पिता पास के गांव में रहने वाले अपने 6 साल के बेटे को लेकर दयालपुर गांव लाया और फिर रात में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी फांसी लगाकर सुसाइड कर ली। पड़ोसियों ने इस घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। 

गौरतलब है कि इस तरीके की घटनाएं ये सोचने को मजबूर कर देती हैं कि आखिर इंसान अपनी परेशानियों से लड़ने की बजाय खुद को ही खत्म करने की कोशिश क्यों कर लेता है? इंसान को मिला जीवन प्रकृति का सबसे बड़ा वरदान है, उसे इस तरह से खत्म नहीं करना चाहिए।