1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत मामले में एक्शन, इस बात की शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे उनके माता-पिता

बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत मामले में एक्शन, इस बात की शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे उनके माता-पिता

अलग-अलग मामलों में हुई 2 नाबालिग प्लेयर्स की दर्दनाक मौतों ने हरियाणा के खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि उनके परिवारों ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

Haryana basketball court accident- India TV Hindi
Image Source : PTI मृत खिलाड़ी के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।

रोहतक: हरियाणा पुलिस ने पिछले महीने रोहतक में प्रैक्टिस के दौरान बास्केटबॉल हूप का लोहे का खंभा गिरने से जिंदगी खोने वाले नाबालिग बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक राठी की फैमिली की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। रोहतक के एक पुलिस अफसर ने बताया कि सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेने वाले हार्दिक राठी की फैमिली ने शनिवार को शिकायत दर्ज कराई।

इस धारा के तहत दर्ज किया केस

लाखनमाजरा के SHO समरजीत सिंह ने कहा, "पीड़ित के पिता ने शनिवार को शिकायत दर्ज कराई और उसके आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 106 (लापरवाही से मौत) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।" उन्होंने आगे कहा कि शिकायत में उन सभी लोगों के खिलाफ एक्शन की मांग की गई है जिनकी लापरवाही की वजह यह घटना हुई।

कैसे हुई दोनों नाबालिग खिलाड़ियों की मौत?

बता दें कि पिछले महीने हरियाणा में हार्दिक राठी और एक अन्य नाबालिग खिलाड़ी की इसी प्रकार के हादसे में मौत हो गई थी, जब प्रैक्टिस के दौरान कोर्ट पर हूप का लोहे का खंभा टूट गया। रोहतक और झज्जर में हुई दोहरी घटनाओं ने हरियाणा के खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को जांच के दायरे में ला दिया। रोहतक में 16 साल हार्दिक की मौत हो गई, जबकि बहादुरगढ़ में घायल 15 साल के अमन ने पीजीआईएमएस रोहतक में इलाज के दौरान दम तोड़ा।

खिलाड़ियों के पिता किसे मानते हैं दोषी?

हार्दिक के पिता संदीप राठी ने कहा कि हमने अपने गांव के प्लेग्राउंड की हालत के बारे में बार-बार शिकायत की, लेकिन प्रशासन ने इसके बारे में कुछ नहीं किया। अगर उन्होंने वक्त रहते एक्शन लिया होता, तो मेरे बच्चे की जान नहीं जाती। वहीं, बहादुरगढ़ में अमन के पिता सुरेश ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसकी मौत के लिए संबंधित अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाया गया था। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एक्शन की भी मांग की थी।

विपक्षी पार्टियों ने सरकार को घेरा

गौरतलब है कि इन दोनों हादसों से हरियाणा में आक्रोश फैल गया है। विपक्षी पार्टियों ने बीजेपी सरकार की आलोचना की और पीड़ित परिवारों ने भी हरियाणा में खेल के इन्फ्रास्ट्रक्चर की खस्ताहाल हालत के लिए सरकार को दोषी ठहराया।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

मुर्शिदाबाद में नई 'बाबरी मस्जिद' के निर्माण की मुहिम तेज, 6 दिसंबर को नींव रखे जाने के बाद 10 लाख ईंटें और 3 करोड़ चंदा जुटा

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: गाजियाबाद के एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, छुट्टियां मनाने गए थे